सपा एमएलसी के यहां छापे पर बोले अखिलेश, “भाजपा के लोग फैलाते हैं नफरत की दुर्गंध, कर रहें कन्‍नौज व इत्र को बदनाम”

नफरत की दुर्गंध
प्रेसवार्ता में अपनी बात रखते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यरो, लखनऊ। सपा एमएलसी व इत्र के बड़े कारोबारी पुष्‍पराज जैन ऊर्फ पम्‍मी के यहां आज हुई ताबड़तोड़ छापेमारी को लेकर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने इनकम टैक्‍स  की छापेमारी को भाजपा के यूपी चुनाव में हार का डर व बौखलाहट बताते हुए कहा है कि भाजपा के लोग नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले हैं, यह सौहार्द की सुगंध को नहीं पसंद करते हैं। यह कन्नौज और इत्र को बदनाम कर रहे हैं। भाजपा लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कन्नौज और इत्र को बदनाम कर रही है। जनता सब समझ रही है, विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया करेगी।

कन्‍नौज में एक प्रेसवार्ता करते हुए अखिलेश ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव में हार के डर से घबराई और बौखलाई भाजपा सरकार यूपी चुनाव लडने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को साथ लेकर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैलियों में जनता नहीं जा रही है। इनकी रैली के आयोजक लेखपाल और सरकारी अधिकारी हैं। कर्मचारी बेमन से ले जाये जाते है। भाजपा सरकार जाने वाली है और सपा सरकार आने वाली है। इसी से घबराकर भाजपा छापेमारी कर रही है।

हमला जारी रखते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जहां-जहां भाजपा हारने लगती है वहां केंद्रीय एजेंसियों से छापे करवाती है। यही हाल बंगाल में किया। बंगाल की जनता ने उन्हें सबक सिखाया। तमिलनाडु में छापा मरवाया तो तमिलनाडु की जनता ने भी उन्हें सबक सिखाया। अब उत्तर प्रदेश की जनता भी उन्हें सबक सिखाएगी।

यह भी पढ़ें- सपा MLC पुष्पराज जैन के कन्‍नौज से मुंबई तक घर-फैक्ट्री व कार्यालयों पर IT की छापेमारी

मोदी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा ने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों से गठबंधन किया है, जबकि भाजपा ने ईडी, सीबीआई और आईटी के साथ गठबंधन किया है। भाजपा के दिल्ली के नेता जब लखनऊ आते हैं तो अपने साथ केंद्रीय एजेंसियों को भी लेकर आते हैं। भाजपा इनको साथ लेकर चुनाव लड़ती है।

जिस अधिकारी को दो दिन बाद रिटायर होना था, उसे…

कल ही दुर्गा शंकर मिश्रा को यूपी का मुख्‍य सचिव बनाए जाने पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा यूपी के चुनाव को लेकर हर जुगाड़ अपना रही है। जिस अधिकारी को दो दिन बाद रिटायर होना था, उसे केंद्र सरकार ने एक साल का एक्सटेंशन देकर यूपी का मुख्य सचिव बना दिया। यहां बाबा मुख्यमंत्री सोते रहे। भाजपा के डबल इंजन एक दूसरे से टकरा रहे हैं। उत्तर प्रदेश को डबल इंजन सरकारों से कोई लाभ नहीं हुआ है। समाजवादी पार्टी का एक रथ भाजपा के छह रथो पर भारी साबित हुआ है। इसीलिए भाजपा अब अनैतिक और अलोकतांत्रिक व्यवहार पर उतर आई है।

यह भी पढ़ें- उत्‍तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर ने संभाला कार्यभार, बताई प्राथमिकताएं
कॉल डिटेल निकाली जाए तो चल जाएगा पता 

वहीं पिछले दिनों हुई आइटी की कार्रवाई के बारे में भी आज अखिलेश ने कहा कि कानपुर में पहले जिस इत्र व्यापारी के यहां छापा मारा गया उसकी कॉल डिटेल निकाली जाए तो पता चल जाएगा कि उसके संबंध किससे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता से लेकर प्रधानमंत्री तक किस आधार पर उसका संबंध सपा से बता रहे थे। सच्चाई यह है कि वह भाजपा का आदमी है। सरकार बताए कि कानपुर में व्यापारी के पास इतना नोट कैसे आया? किन बैंकों से नोट निकाला गया? भाजपा की नोटबंदी पूरी तरह से फेल हुई। ऐसी जीएसटी लाई गई कि लोग पैसा इकट्ठा करने लगे हैं। इन्हीं सबसे खिसिया कर सरकार के इशारे पर  एजेंसियों ने आज समाजवादी पार्टी के एमएलसी के यहां छापा मारा है।

यह भी पढ़ें- बोले केशव मौर्या, समाजवादी इत्र बनाने वाले की दुर्गंध पूरे यूपी में फैली

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा को चिढ़ है कि सपा के नाम पर इत्र कैसे बन गया। मैं कन्नौज के लोगों से अपील करता हूं कि सच्चे फूलों का व्यापार करने वाले लोग झूठे फूलों को हटाए। कन्नौज सुगंध की राजधानी है। भाजपाई दुर्गंध को पसंद करते हैं। यहां का किसान और व्यापारी इत्र से जुड़ा हुआ है। समाजवादियों का इतिहास कन्नौज से जुड़ा हुआ है।