परिवार के साथ सपा विधायक इरफान सोलंकी ने पुलिस कमिश्‍नर के सामने किया सरेंडर

सपा विधायक इरफान सोलंकी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/कानपुर। बीते कुछ दिनों से फरार चल रहे समाजवादी पार्टी के कानपुर से विधायक इरफान सोलंकी ने शुक्रवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इरफान सोलंकी के साथ उनके भाई रिजवान सोलंकी ने भी सरेंडर कर दिया है। इससे पहले इरफान सोलंकी को मुंबई में देखा गया था।

सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई ने शुक्रवार को साथी सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और रूमी हसन के साथ जाकर पुलिस कमिश्‍नर बीपी जोगदंड के आवास पर सरेंडर किया। विधायक के साथ उनकी पत्नी नसीमा और बच्चे भी मौजूद रहे। दरअसल इरफान सोलंकी के परिवार ने भी आत्मसमर्पण के लिए कमिश्नर से बात की थी। कमिश्नर से इरफान की मां और परिवार ने सुरक्षा की बात कही थी।

मिली जानकारी के अनुसार रिमांड में लेने के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ करेगी। इरफान और रिजवान को पुलिस लाइन ले जाया गया है। पुलिस लाइन से इरफान और रिजवान को ले जाकर मेडिकल कराया जाएगा। उनके खिलाफ जाजमऊ थाने में आगजनी और धमकी देने का आरोप है।

गौरतलब है कि पिछले महीने इरफान सोलंकी के खिलाफ भूमि विवाद को लेकर केस दर्ज हुआ था। तब उनपर एक महिला को कथित रूप से परेशान करने और उसके घर में आग लगाने के आरोप में पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया था, जिसके बाद से सपा विधायक फरार चल रहे थे।

यह भी पढ़ें- सपा विधायक रमाकांत यादव को कोर्ट ने भेजा जेल, की थी जमानत की मांग

महिला के घर आगजनी की घटना के बाद से ही सपा विधायक फरार चल रहे थे। कुछ दिन पहले इरफान सोलंकी के खिलाफ एक और केस दर्ज किया गया था। कानपुर के ज्वांइट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार फर्जी आधार कार्ड बनाने के संबंध में ये केस दर्ज हुआ था, जिसमें इस्तेमाल किए गए कंप्यूटर, लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे। उनके मुताबिक, कार्ड अशरफ अली के नाम पर बनाई गई थी, लेकिन उसमें इरफान सोलंकी की तस्वीर थी।

यह भी पढ़ें- जेल में बिगड़ी सपा विधायक नाहिद हसन की तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती