प्रियंका गांधी ने कहा, “बीजेपी सरकार फैला रही झूठी खबर, कुश्‍ती संघ नहीं किया भंग”

प्रियंका गांधी

आरयू वेब टीम। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने रव‍िवार को भारतीय कुश्‍ती महासंघ की मान्यता रद्द कर दी। इस फैसले पर कांग्रेस की महासच‍िव प्र‍ियंका गांधी ने सवाल खड़े कि‍ए हैं। प्र‍ियंका ने आरोप लगाया क‍ि भाजपा सरकार इसको लेकर झूठी खबर फैला रही है। कुश्ती संघ को भंग नहीं किया गया है, सिर्फ उसकी गतिविधियों पर रोक लगाई है।

प्रियंका ने आज एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि भाजपा सरकार कुश्ती संघ को भंग करने की झूठी खबर फैला रही है। कुश्ती संघ को भंग नहीं किया गया है, सिर्फ उसकी गतिविधियों को रोका गया है ताकि भ्रम फैलाकर आरोपित को बचाया जा सके। एक पीड़ित महिला की आवाज दबाने के लिए इस स्तर पर जाना पड़ रहा है?

यौन शोषण का लगा आरोप तो सरकार आरोपित के साथ खड़ी हो गई

हमला जारी रखते हुए कांग्रेस नेता ने कहा देश को गौरवान्वित करने वाली नामचीन खिलाड़ियों ने भाजपा सांसद पर यौन शोषण का आरोप लगाया तो सरकार आरोपित के साथ खड़ी हो गई। यहां तक कि पीड़िताओं को प्रताड़ित और आरोपित को पुरस्कृत किया। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। महिला पहलवानों से आंदोलन वापस लेने की एवज में दिये गये आश्वासन को गृहमंत्री भूल गए।

अहंकार की पराकाष्ठा यह कि जिस भाजपा सांसद पर महिला खिलाड़ियों के यौन शोषण का आरोप है, उसने खुद ये भी फैसला करवा लिया कि अगला नेशनल गेम उसी के जिले में, उसी के कॉलेज ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस अंधेरगर्दी और अन्याय से हारकर ओलंपिक विजेता साक्षी मलिक ने कुश्ती ही छोड़ दी, खिलाड़ी अपने पुरस्कार वापस करने लगे तो सरकार अफवाह फैला रही है।

यह भी पढ़ें- रंग लाया पहलवानों का विरोध, भारतीय कुश्ती संघ को किया गया सस्पेंड

प्रियंका ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए अंत में यह भी कहा कि जहां भी किसी महिला पर अत्याचार होता है, यह सरकार अपनी पूरी सत्ता की ताकत के साथ आरोपी को बचाती है और पीड़ित को ही प्रताड़ित करती है। आज हर क्षेत्र में महिला नेतृत्व की बात होती है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग ही आगे बढ़ रही महिलाओं को प्रताड़ित करने, दबाने और हतोत्साहित करने में लगे हैं। देश की जनता, देश की महिलाएं यह सब देख रही हैं।

यह भी पढ़ें- बृजभूषण सिंह के करीब संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष, साक्षी मलिक ने जताया विरोध, किया कुश्‍ती छोड़ने का ऐलान