दिल्ली हिंसा में फायरिंग करने वाले शाहरुख को क्राइम ब्रांच ने UP से किया गिरफ्तार

फायरिंग करने वाले शाहरुख
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। दिल्ली हिंसा के दौरान फायरिंग करने व पुलिसकर्मी पर पिस्टल तानने वाले शाहरुख को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शाहरुख पठान को आज दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने उत्तर प्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार किया है।

जिसके बाद शाहरुख पठान को दिल्ली मुख्यालय, आईटीओ में लाया गया है। दिल्ली लाने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी दी। वहीं क्राइम ब्रांच ने शाहरुख को पनाह देने वाले लोगों की भी तलाश शुरू कर दी है साथ ही शाहरुख को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने चार दिनों की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजीत कुमार सिंगला ने जानकारी दी कि पुलिस उस पिस्तौल को बरामद करने की कोशिश कर रही है जो शाहरुख ने इस्तेमाल की थी। शाहरुख ने कहा कि उसने गुस्से के बीच विरोध प्रदर्शन के दौरान गोलीबारी की। उसकी कोई आपराधिक पृष्ठ भूमि नहीं है, लेकिन उसके पिता पर नशीले पदार्थों और नकली मुद्रा का मामला है।

अजीत कुमार सिंगला ने जानकारी दी कि शाहरुख पर आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 186 और 353 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जरूरत पड़ने पर जांच के दौरान और धाराएं जोड़ी जाएंगी।

बता दें कि दिल्ली हिंसा के दौरान 24 फरवरी को जाफराबाद इलाके में एक शख्स ने आठ राउंड फायरिंग की थी। इस शख्स ने फायरिंग के दौरान एक पुलिस कर्मी पर पिस्टल भी तान दिया था। फायरिंग करते हुए यह शख्स फिर भीड़ में गायब हो गया। इस शख्स की पहचान शाहरुख के रूप में हुई थी। दिल्ली पुलिस कई दिनों से शाहरुख की तलाश कर रही थी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली हिंसा मामले में भड़काऊ भाषण देने वाले भाजपा नेताओं पर FIR का आदेश देने वाले जज मुरलीधर का तबादला

बताया जा रहा था कि वह दिल्ली के थाना उस्मानपुर का रहने वाला है, लेकिन घटना के बाद से ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम उसकी तलाश में लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी थी, लेकिन तबतक वह फरार हो चुका था। शाहरुख बिरयानी बेचता है। फरारी के बीच शनिवार को उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से भी उसे देखे जाने की खबर आई थी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली हिंसा पर संसद में जोरदार हंगामा, धक्‍का-मुक्‍की, विपक्ष ने मांगा पीएम मोदी-अमित शाह का इस्तीफा