शिवपाल यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान को बताया निजी, कहा हम लोग भगवान राम-कृष्ण के आदर्शों पर चलने वाले

शिवपाल यादव
मीडिया से बात करते शिवपाल।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ/इटावा। समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के रामचरितमानस पर दिया गया विवादित बयान तूल पकड़ता जा रहा हैं। इस मामले में मंगलवार को उनकी ही पार्टी के नेता किनारा करते दिखे। इस मामले में सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि ये स्वामी प्रसाद मौर्य का निजी बयान है, पार्टी से इसका कोई लेना-देना नहीं है। हम लोग भगवान राम और कृष्ण के आदर्शों पर चलने वाले लोग हैं। भाजपा के लोग भगवान राम को बेचते हैं।

शिवपाल ने भले ही स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान से किनारा किया, लेकिन इस मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधने का मौका भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि हम लोग राम और कृष्ण के आदर्शों पर चलने वाले लोग हैं। प्राण जाए पर वचन न जाए का पालन करने वाले लोग हैं, लेकिन क्या भाजपा भगवानों के आदर्शों पर चल रही है, उन्होंने कहा कि जहां भगवान कभी झूठ नहीं बोलते हैं। वहीं भाजपा के लोग सिर्फ झूठ बोलते हैं, वह भगवान को ही बेच रहे हैं।

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या का सपा पर निशाना, मैनपुरी में खिलेगा कमल, जनता ने कर दिया साइकल पंचर

उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर पलटवार करते हुए कहा कि वह बड़बोले हैं। मैनपुरी के उपचुनाव में भी वे यहां आए थे। क्षेत्र की जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया। आगे भी उनको बताएंगे कि चुनाव कैसे लड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी से लोग बड़ी संख्या में जुट रहे हैं भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ माहौल बन गया है।

आने वाले चुनाव में प्रदेश से भाजपा को भगाना है और सपा को लाना है। शिवपाल ने कहा कि भाजपा की सरकार में प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। लोग परेशान हैं। लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देगी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश के साथ शिवपाल के आने पर ओपी राजभर का तंज, नहीं होने वाला कोई फायदा