सपा-बसपा की सरकार में बाढ़ पीड़ितों की राहत सामग्री में भी होता था भ्रष्‍टाचार: चन्‍द्रमोहन

डॉ. चन्द्रमोहन। (प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। एक ओर विरोधी यूपी में बाढ़ प्रभावित इलाकों में योगी सरकार द्वारा व्‍यापक प्रबंध नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर रहें हैं। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को भाजपा ने कहा है कि उत्‍तर प्रदेश में बाढ़ के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए प्रदेश की योगी सरकार ने अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं। प्रदेश की बीजेपी सरकार ने बीते अप्रैल से ही इस प्राकृतिक विभीषिका से निपटने के प्रयास शुरू कर दिए थे। वहीं भाजपा ने पूर्व की सपा व बसपा सरकार पर भी आज हमला बोला है।

यह भी पढ़ें- योगी की हरी झंडी के बाद केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए 12 ट्रक राहत सामग्री रवाना

शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय पर पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों को मिलने वाली मदद की निगरानी कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों मे बिना देर किए नाव की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। खेतों और फसलों के नुकसान का आकलन कर पीड़ितों को मुआवजा राशि देने के भी निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- बाढ़ प्रभावित केरल को सीएम योगी ने की 15 करोड़ देने की घोषणा

प्रदेश प्रवक्‍ता ने विरोधियों की बात को नकारने के साथ ही उनपर हमला बोलते हुए कहा कि योगी सरकार बाढ़ पीड़ितों के लिए पूरी तरह से संवेदनशील है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर छोड़कर सरकारी कैंपों में शरण लेनी पड़ती है। पिछली सपा व बसपा की सरकार में राहत सामग्री वितरण में जमकर भ्रष्टाचार होने से बाढ़ पीड़ितों के हालात और भी बदतर हो गए थे।

यह भी पढ़ें- बाढ़ प्रभावित जनता की सहायता में लापरवाही बरत रही योगी सरकार: राजबब्‍बर

भाजपा सरकार में नहीं है भ्रष्‍टाचार के लिए जरा भी जगह

योगी सरकार की सराहना करते हुए चन्‍द्रमोहन ने दावा किया कि भाजपा सरकार न सिर्फ संवेदनशील है, बल्कि इसमें भ्रष्टाचार के लिए जरा भी जगह नहीं है। वहीं योगी सरकार के बाढ़ के लिए किए गए कामों को गिनाते हुए चन्‍द्रमोहन ने ये भी कहा कि सीएम के निर्देश पर ही यूपी पुलिस ने नदी के बढ़ते जलस्तर से जनता को सतर्क करने की अनूठी पहल शुरू की है, ताकि समय से पहले बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। सरकार ने बाढ़ से प्रभावित पशुओं के लिए भी अलग से पशु कैंप की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ऐसी कार्ययोजना तैयार करने को कहा है जिससे आने वाले दिनों में बाढ़ का प्रकोप काफी कम किया जा सके।

यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट ने अटल को याद कर पास किए ये नौ प्रस्‍ताव