स्थापना दिवस पर बोले CM योगी, राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय है BJP की यात्रा

स्थापना दिवस
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर लखनऊ पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडा फरहाया। इसके बाद भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि हमारा मकसद उन लोगों को आगे ले जाना था जो एक राजनीतिक दल के रूप में भारत के लिए समर्पण की भावना पैदा करते हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी हमारे देश के एक ऐसे नेता थे, जिन्होंने कश्मीर के लिए अपनी पूरी जिंदगी कुर्बान कर दी।

योगी ने कहा कि भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय है। ये यात्रा बहुत कुछ कह देती है। भारतीय जनसंघ की स्थापना का उद्देश्य यही था कि हमें सत्ता की राजनीति नहीं, हमें भारत के लिए समर्पण का भाव पैदा करने वाले लोगों को एक राजनीतिक दल के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य करना है।

भाजपा के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तीन दशकों के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या सौ तक पहुंची है। वैश्विक दृष्टिकोण से देखें या राष्ट्रीय दृष्टिकोण से देखें भाजपा का दायित्व, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें- भाजपा के 42 साल पर बोले प्रधानमंत्री मोदी, एक भारत, श्रेष्ठ भारत के मंत्र पर चल रही पार्टी

उन्होंने कहा कि इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचारबीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।

यह भी पढ़ें- श्रावस्ती में CM योगी ने स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ कर कहा, घर-घर जाकर दस्तक दीजिए, स्कूल से वंचित न रह जाए कोई बच्चा