भाजपा छोड़ सुनील यादव ने फिर थामा सपा का दामन, शिवपाल ने कहा, कुछ समय के लिए हुए थे भ्रमित

शिवपाल सिंह यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/इटवा। निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद अब सभी पार्टियां दूसरे चरण के चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने में जुट गईं हैं। इस बीच शिवपाल यादव के करीबी सुनील यादव भाजपा छोड़ कार्यकर्ताओं के साथ शिवपाल की मौजूदगी में सपा में शामिल हो गए। इस दौरान मंच से समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल यादव ने कहा पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव चल रहे हैं। ये चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। सपा को जनता का भारी समर्थन भी मिल रहा है।

साथ ही शिवपाल ने सुनील यादव को लेकर कहा कि सुनील यादव हमारे बहुत नजदीक थे, लेकिन कुछ समय के लिए भ्रमित हो गए थे। कभी-कभी रास्ता गलती से भटक जाते हैं, लेकिन आज घर ये लोग हजारों कार्यकर्ताओं के साथ वापसी कर रहे हैं। सभी का हृदय से स्वागत हैं। अब हम लोग फिर से मिलकर भाजपा की सरकार को हराएंगे। साथ ही पूरे प्रदेश में काम करेंगे। भाजपा के लोग बहुत ही झूठ बोलने वाले लोग हैं।

शिवपाल ने योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि आज अगर तुलना की जाए तो, सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार भारतीय जनता पार्टी की है। सबसे ज्यादा झूठ वाले लोग वहीं हैं। इन छह सालों में कोई भी वादा पूरा नहीं किया है, केवल जनता से झूठे वादे किए हैं।

शिवपाल ने कहा कि अबकी बार चाहे नगरपालिका का चुनाव हो, चाहे आगामी लोकसभा चुनाव हो जनता ने भी तय कर लिया है। जनता ने भारतीय जनता पार्टी को वोट की चोट देने की ठान ली है। जनता ऐसी चोट देगी कि भाजपा सत्ता में फिर कभी वापसी नहीं कर पाएगी।

भारतीय जनता पार्टी में नफरत के सिवा कुछ नहीं

इस दौरान घर वापसी करने वाले सुनील यादव ने कहा कि निकाय चुनाव का समय है। हम लोग समाजवादी आंदोलन से जुड़े रहे हैं। निकाय चुनाव में हम लोग पूरी ताकत के साथ लगेंगे। जब निकाय चुनाव की वोटिंग की गिनती होगी, तो उस समय समाजवादी पार्टी अप्रत्याशित जीत दर्ज करेगी। भारतीय जनता पार्टी में नफरत के सिवा कुछ नहीं है। सपा में प्रेम और सद्भाव है। हमारे नेता ने हमें आशीर्वाद दिया है। हजारों कार्यकर्ताओं ने घर वापसी की है।

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या ने बताया जान का खतरा तो बोले शिवपाल यादव, इसी से अंदाजा लगा लें प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति

शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुनील यादव ने थोड़े दिन में ही भाजपा पार्टी को समझ लिया भाजपा पार्टी के छोटे से लेकर बड़े नेता हमारे संपर्क में रहे पार्टी में नही भाजपा पार्टी में केवल झूठ और बेईमानी की ट्रेनिग मिलती है अभी अभी जहां पर चुनाव हुए है वहा पर नौकरशाही के बल पर बेईमानी कराने की कोशिश करते है भाजपा पार्टी में बेईमानी और झूठ के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

यह भी पढ़ें- शिवपाल का पलटवार, चरित्र हनन करने वाली पाठशाला बन गई भाजपा