योगी सरकार की वजह से प्रदेश में व्‍याप्‍त है आतंक: अखिलेश यादव

प्रजापति
कार्यक्रम में अखिलेश यादव को सम्मानित करते लोग।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने आज प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्‍यवस्‍था पर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। सपा के प्रदेश कार्यालय पर प्रजापति समाज की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्‍य अतिथि के रूप में पहुंचे अखिलेश यादव ने इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार को भी नहीं बख्‍शा।

यह भी पढ़े- सपा सरकार के कामों को बदनाम करने की साजिश कर रही योगी सरकार: अखिलेश

सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि देश इस समय बाहरी के साथ ही भीतरी समस्याओं से जूझ रहा है। सीमाएं असुरक्षित है, आतंकवाद पर लगाम नहीं है। भाजपा सरकार इनसे आंखे मूंदे हुए है। अखिलेश ने कहा आरोप लगाया कि सच तो यह कि भाजपा सरकार जानबूझकर इनका समाधान नहीं चाहती है। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को विकास के लिए ठोस कदम उठाने की जगह देश को गुमराह करना और समाज को उलझाएं रखना आसान लगता है। भाजपा की यही सांप्रदायिक राजनीति लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।

यह भी पढ़े- अखिलेश ने चुनाव आयोग से पूछा EVM कोई ठीक कर सकता है तो खराब भी सकता है

पुलिस पर बढ़ते हमले को लेकर पूर्व सीएम ने कहा कि सपा सरकार में हर किसी का सम्मान सुरक्षित था। आज तो हालात यह है कि पुलिस और अधिकारियों को न सिर्फ अपमान का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि उन पर हमले भी हो रहें हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार के कारण उत्‍तर प्रदेश में आतंक व्याप्त है। प्रत्येक नागरिक डरा-सहमा है। उत्तर प्रदेश में कानून का राज नही है। सत्तारूढ़ दल ही कानून व्यवस्था बिगाड़ना चाहता है। जिस दिन से भाजपा सरकार यूपी में आई हैं राज्य में तनाव है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए समाजवादी पार्टी काम करती रही है इस सम्बंध में जातीय जनगणना की हमने मांग की, क्योंकि इसके खुलासे से ही सामाजिक न्याय का रास्ता आसान होगा। इससे उनके विकास के लिए नीतियां बनाने में सफलता मिलेगी।

यह भी पढ़े- अखिलेश यादव के फैसले पर वाहवाही लूटना चाहती है भाजपा: राजेंद्र चौधरी

सपा मुखिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी सिद्धांतों पर चलते हुए समाजवाद, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के लिए लगातार संघर्षशील है। चुनाव का जिक्र करते हुए बोले कि अब हमारे सामने 2019 में लोकसभा व 2022 विधानसभा चुनाव में सफलता का लक्ष्य है। इसके लिए सदस्यता भर्ती अभियान चलाया जा रहा है।

प्रजापति समाज की बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने इस समाज के लिए सामाजिक चेतना पैदा करने के साथ ही इसे समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य किया है।

यह भी पढ़े- अखिलेश ने साधा योगी पर निशाना, कहा न्‍याय के लिए जारी रहेगा समाजवादियों का संघर्ष

कार्यक्रम में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चैधरी, पूर्वमंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, अभिषेक मिश्रा, पंडित सिंह, एसआरएस यादव, शिवचरण प्रजापति, रमेश प्रजापति, फिरेराम प्रजापति, सत्यवीर प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, रामलखन प्रजापति, रामआसरे विश्वकर्मा, श्रीमती कृपारानी, कौशल्या प्रजापति, रीता प्रजापति, जय प्रकाश प्रजापति, चिरैया प्रजापति, रजनीकांता प्रजापति, कमलाकांत प्रजापति, शिवनाथ सिंह, शिव, रामगोविंद प्रजापति मौजूद रहे।