भाजपा में शामिल होकर बोले खली, प्रधानमंत्री ने देश के लिए जो काम किया, उससे ली प्रेरणा

द ग्रेट खली
भाजपा नेताओं के साथ खली।

आरयू वेब टीम। रेसलर दलिप सिंह राणा उर्फ द ग्रट खली ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। दिल्ली स्थित कार्यालय में खली भाजपा में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने उन्हें भाजपा का पटका पहनाकर सदस्यता दिलवायी। द ग्रेट खली ने पंजाब चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद खली ने कहा कि भाजपा में शामिल होकर बहुत अच्छा लगा है। देश के प्रति प्यार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो देश के लिए काम किया है उससे प्रेरणा लेकर भाजपा में शामिल हो रहा हूं। उम्मीद है पीएम मोदी की अगुवाई में देश नयी बुलंदियों को छुएगा। मोदी जी के राष्ट्र हित के कामों से प्रभावित हूं और अपना भी योगदान देना चाहता हूं।

यह भी पढ़ें- द ग्रेट खली ने अखिलेश यादव व उनके बच्‍चों से की मुलाकात

इस मौके पर भाजपा के केंद्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा परिवार मे द ग्रेट खली का स्वागत है। विश्‍व के महान रेसलर ने विश्‍व में भारत की पहचान बनायी है। अरुण सिंह ने कहा कि आप किसान के बेटे हैं, बचपन में पत्थर भी तोड़ने का काम किया। आपके मेहनत के कारण ही पंजाब पुलिस में आपको नौकरी मिली। आपने डब्ल्यू डब्ल्यू ई प्रतियोगिताओं में अपना लोहा मनवाया। इतना ही नहीं खली ने दुनिया के बड़े-बड़े पहलवानों को हराकर देश का नाम रौशन किया है। आज पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पार्टी मुख्यालय में द ग्रेट खली का स्वागत करते हैं। इनके साथ बलवान सिंह और सतवेंद्र सिंह भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, सतवेंद्र सिंह अमेरिका में रहते हैं।

पार्टी को बलवान बनायेंगे: जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि खली राष्ट्रवादी सोच के व्यक्ति हैं। उनके पार्टी में शामिल होने से पार्टी मजबूत हुई हैं। इनका आकार इतना बड़ा है कि इन्हें पूरा विश्व जानता है। ये शरीर और विचार से बलवान हैं और मुझे विश्वास है कि ये पार्टी को भी बलवान बनायेंगे। इनका पार्टी में आना युवाओं के लिए एक संदेश होगा कि वे भी आगे आएं और पार्टी और देश को मजबूत बनाएं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश को भाजपा का झटका, जलालपुर से विधायक सुभाष राय BJP में शामिल