TMC के सांसदों ने गृह मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन कर त्रिपुरा सरकार को बर्खास्‍त करने की उठाई मांग

त्रिपुरा में पुलिस बर्बरता

आरयू वेब टीम। त्रिपुरा में पुलिस बर्बरता को लेकर सीएम ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने आज गृह मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। टीएमसी सांसद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए समय की मांग की। डेरेक ओ ब्रायन, सुखेंदु शेखर रॉय, शांतनु सेन, डोला सेन सहित तृणमूल के 16 सांसद सोमवार को दिल्ली में तृणमूल पार्टी कार्यालय पहुंचे।

गृह मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान टीएमसी सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा, ‘’त्रिपुरा की सरकार को बर्ख़ास्त किया जाना चाहिए। त्रिपुरा में गुंडाराज कायम किया गया है। गृह मंत्री से हम मिलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने हमें समय नहीं दिया है। हमारी टीएमसी युवा नेता पर झूठा मुकद्दमा दर्ज किया गया है।’’

यह भी पढ़ें- त्रिपुरा में भाजपा की जीत के बाद गिराई गयी लेनिन की मूर्ति, कई जिलों में हिंसा

वहीं, इस मामले को लेकर टीएमसी सांसद सौगत राय ने कहा, ‘’त्रिपुरा में हुई घटना लोकतंत्र पर हमला है। हमने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का समय मांगा है, लेकिन अभी समय हमें नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी आ रही हैं वे कई विपक्षी नेताओं के साथ मुलाक़ात करेंगी।’’

दरअसल त्रिपुरा में टीएमसी की नेता सायानी घोष को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा कार्यकर्ता ने घोष पर शनिवार रात को मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब की एक नुक्कड़ सभा को बाधित करने का आरोप लगाया था। साथ ही कार्यकर्ता की हत्या और हमले का आरोप भी लगाया। भाजपा का कहना है कि टीएमसी कार्यकर्ता असलम शेख की हत्या टीएमसी की अंदरूनी कलह का नतीजा है। टीएमसी त्रिपुरा में हिंसा फैला रही है। सायानी घोष की गिरफ्तारी के विरोध में अब टीएमसी त्रिपुरा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

यह भी पढ़ें- त्रिपुरा कांग्रेस अध्यक्ष पर हुआ हमला, पार्टी ने लगाया भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप