UP के बाद उत्‍तराखंड विधानसभा उपचुनाव में ताल ठोकेगी सपा, अखिलेश का ऐलान पिथौरागढ़ से मनोज होंगे उम्मीदवार

उत्तराखंड सपा
उत्तराखंड के सपा नेताओं के साथ अखिलेश यादव व राजेंद्र चौधरी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। हाल ही में संपन्‍न हुए यूपी विधानसभा उपचुनाव में सपा व भाजपा के हिस्‍से की सीटें जीतने वाली समाजवादी पार्टी ने अब उत्‍तराखंड में होने वाले उपचुनाव में ताल ठोकने का मन बना लिया है। बुधवार को उत्‍तराखंड के सपा नेताओं से राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्‍यालय पर मुलाकात के दौरान सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने इसका ऐलान कर दिया है।

अखिलेश ने कहा कि सपा दूसरे राज्यों में विस्तार के लिए अभियान चलाएगी। उत्तराखण्ड में सपा को मजबूत करने के लिए पार्टी जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष करेगी। इस दौरान सपा अध्‍यक्ष ने उत्‍तराखंड विधानसभा उपचुनाव में उतरने की बात करते हुए कहा कि वहां की पिथौरागढ़ विधानसभा सीट से उपचुनाव में सपा के मनोज कुमार भट्ट उम्मीदवार होंगे।

भाजपा-कांग्रेस ने किया उत्‍तराखण्ड की जनता को निराश 

अखिलेश ने उत्‍तराखंड से आए सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने उत्‍तराखण्ड की जनता को निराश किया है। वे बस कुर्सी दौड़ खेलते रहे हैं। सपा राजनीति में वैचारिक विकल्प है जो विकास की बात करती है। भाजपा सिर्फ निरर्थक मुद्दों को उठाती है और नफरत तथा समाज में बंटवारे की राजनीति करती है।

यह भी पढ़ें- UP विधानसभा उपचुनाव: भाजपा ने आठ व सपा ने जीती तीन सीट, जानें किस मिले कितने वोट

यूपी के पूर्व सीएम ने आगे कहा कि पहाड़ की समस्याएं पहाड़ जैसी हैं, भाजपा सरकार की इनके समाधान में कोई दिलचस्पी नहीं है। भाजपाराज में सिर्फ उद्योगपतियों की पूछ है। भ्रष्टाचार और अपराधों पर कोई रोक नहीं है। बेरोजगारी से नौजवान परेशान है, जबकि नौटबंदी से अर्थव्यवस्था चौपट हो चुकी है व छोटे उद्योग-धंधे बंदी के कगार पर है। सपा जनता को भाजपा की सच्चाई से अवगत कराने के लिए अभियान चलाएगी।

पूर्व कैबिनेट मंत्री व उत्‍तराखंड के प्रभारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि आज उत्‍तराखंड के सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया तथा उन्हें शाल, गंगाजल कलश तथा गंगोत्री से लाया गया गंगा जल भेंट किया।

यह भी पढ़ें- सैकड़ों समर्थकों के साथ BSP के पूर्व विधायक ने ज्‍वाइन की सपा, नए साथियों का वेलकम कर अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना

इस दौरान उत्‍तराखंड से आए डॉ. एसएन सचान, प्रो. आरके पाठक, सुरेश परिहा, हुसैन अहमद, अतुल शर्मा, शोएब अहमद, रमेश गौड़, सुभाष पंवार, रमेश बिष्ट, मदन सान्याल, अशोक ग्रोवर, अवतार सिंह, हेमा बोरा, एसके राम, संजय सिंह, अरविंद यादव, महेश नेगी, राजपाल यादव, नरेंद्र गुर्जर, नंदन सिंह बोरा व अन्‍य मौजूद रहें।