आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की जनता को तीसरा विकल्प देने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने तीसरे मोर्चे का ऐलान किया है। इतना ही नहीं उन्होंने खुद को इस मोर्चे का मुख्यमंत्री उम्मीदवार भी घोषित कर दिया है। दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की सियासत करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने आगामी पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए नौ छोटे-छोटे दलों को मिलाकर लोक मोर्चा का गठन किया है।
लखनऊ में आयोजित गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में स्वामी प्रसाद ने इस गठबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने नौ दलों के साथ लोक मोर्चा का गठन किया है। स्वामी प्रसाद ने बताया कि इस गठबंधन का सिद्धांत “जिसकी जितनी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी“ पर आधारित है। साथ ही बताया कि सभी पार्टियों की तरफ से उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
इस दौरान स्वामी प्रसाद ने प्रदेश की योगी सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी में बड़े पैमाने पर जंगलराज है। गुंडाराज से यूपी की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। यूपी का युवा बेरोजगार है, मंहगाई से आम जनता त्रस्त है। 140 करोड़ की आबादी में 80 करोड़ की जनता पांच किलो दाल चावल पर चल रही है। 80 करोड़ जनता के सपने पूरे नही हो रहे है।
यह भी पढ़ें- अमेठी शिक्षक हत्याकांड पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, कड़ी कार्रवाई होती तो न होता पूरे परिवार का सफाया
इतना ही नहीं शिक्षा का भी व्यवसायीकरण हो गया है। गरीबों को उच्च शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। सत्ता में बैठी डबल इंजन की सरकार किसानों के हित में काम नही कर रही है। न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा भी सरकार नहीं कर रही है। पीएम व सीएम किसानों की एक बात भी नहीं सुन रहे हैं। संविधान की कसम खा कर सत्ता में पहुंचने वाले संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। भाजपा सरकार आरक्षण को भी खत्म कर रही है। भाजपा अल्पसंख्यक समाज में भय और दहशत पैदा कर भाईचारा खत्म कर रही है।
लोक मोर्चा में शामिल ये दल
1. अपनी जनता पार्टी(स्वामी प्रसाद मौर्य)
2. राष्ट्रीय समानता दल(मोती लाल शास्त्री)
3. सम्यक पार्टी(राजामणि सुव्वैया राय)
4. जनसेवा दल(विनेश ठाकुर)
5. पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी(राजेश सिद्धार्थ)
6. सर्वलोकहित समाज पार्टी(सत्य नारायण मौर्य)
7. स्वतंत्र जनता राज पार्टी (घनश्याम कोरी)
8. सबका दल-यू (प्रमोद लोधी)
9. लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (राजकुमार सैनी)