यूपी में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ढहा, महिला-बच्चों समेत आठ की मौत, 14 घायल

सिलेंडर ब्लास्ट
मलबे में तबदील हुआ मकान।

आरयू संवाददाता, गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। सिलेंडर फटने से दो मंजिला इमारत की छत गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए, जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व बचाव दल ने मलबे से लोगों को बहर निकाला।

प्राप्त जानकरी के अनुसार हादसा गोंडा वजीरगंज क्षेत्र के टिकरी गांव में बीती रात को हुआ। सिलेंडर ब्लास्ट इतना जोरदार था कि उसकी आवाज से पूरी घर हिल गया और घर की छत गिर गयी। गोंडा पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने मीडिया को बताया कि, सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्यों में जुट गई। प्रशासन द्वारा मशीनों से मलबे को हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया गया। घर की छत गिरने से 14 लोग फंस गए थे। तीन बच्चों और दो महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई।”विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है।

वही जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने बुधवार को बताया कि थाना क्षेत्र के टिकरी ग्राम पंचायत के ठठेर पुरवा निवासी नूरुल हसन के घर में मंगलवार देर रात रसोई गैस सिलेंडर फट गया जिससे दो मंजिला मकान धराशायी हो गया। मकान के मलबे में दबकर आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में ऑक्‍सीजन रिफलिंग के दौरान सिलेंडर फटने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत, छह घायल

उन्होंने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया है। शाही ने बताया कि मृतकों में निसार अहमद (35), रुबाना बानो (32), शमशाद (28), मेराज (11), सायरुन्निशां (35), नूरी सबा (12), मो. शोएब (दो) तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल है। घायलों में इरशाद (40), गुलनाज बानो (22), रेहान अहमद (11), नूरुल हसन (60), जैद (आठ), अलीशा (32) व मीजान (12) शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- UP: दुकान में रखे 13 सिलेंडरों में एक के बाद एक विस्फोट, धमाके से उड़ी छत, दहले लोग