मुंबई: घर में चल रही शादी की तैयारियों के बीच हुआ सिलेंडर ब्लास्ट, 20 लोग घायल

सिलेंडर ब्लास्ट
सिलेंडर के धमाके में घायलों से बात करतीं मेयर किशोरी पेडनेकर।

आरयू वेब टीम। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रविवार को बड़ा हादसा हो गया है। मुंबई के लालबाग इलाके में ब्लास्ट होने से 20 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि धमाका सिलेंडर फटने के कारण हुआ है। घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर तत्काल दमकल की दो गाड़ियां और दो जंबो टैंकर वा पुलिस बल भी पहुंची और राहत बचाव कार्य में जुट गयी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक एक शादी हो रही थी। इस दौरान खाना पकाया जा रहा था। खाना बनाए जाने के दौरान सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना कैटर्रस को दी, लेकिन उन्होंने इस शिकायत पर ध्यान नहीं दी। जिसके बाद ब्‍लास्‍ट हो गया। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सुन कर दहल गए और मौके पर भीड़ लग गयी। घायलों की चीखे सुनाई देने लगी तो उन्हें बचाया जाने लगा।

यह भी पढ़ें- ढाई घंटे बाद मुंबई में लौटी बिजली, ठप ट्रेन व अन्‍य सेवाएं हुईं बहाल

वहीं घटना के संबंध में अग्निमशमन विभाग के एक अधिकारी ने स्‍थानीय मीडिया को बताया कि गणेश गली क्षेत्र स्थित साराभाई इमारत की दूसरी मंजिल पर सुबह सात बजकर 20 मिनट पर आग लगी। सूचना पाकर मौके पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और दो जंबो टैंक पहुंची। स्थिति पर काबू पाया जा चुका है।

राहत बचाव टीम ने सभी घायलों को बचा कर अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। हादसे के बाद आसपास के लोग सहम गए है। घटना के बाद मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर लालबाग क्षेत्र में हुए सिलेंडर धमाके में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंची है।

यह भी पढ़ें- कोरोना के कारण मुंबई-दिल्ली के बीच बंद हो सकती है फ्लाइटस व ट्रेन, महाराष्ट्र सरकार कर रही विचार