यूपी में प्रशासनिक फेरबदल, कमिश्‍नर-DM समेत कई IAS अधिकारियों का तबादला

आइएएस तबादला

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में कई बड़े प्रशासनिक फेरबदल किए हैं। शुक्रवार को यूपी में आधा दर्जन से ज्यादा आइएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस तबादले में देवीपाटन मंडल के कमिश्‍नर महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को बदल दिया गया है। अब योगेश्‍वर राम मिश्र देवीपाटन के मण्डलायुक्त बने हैं।

वहीं महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को उच्च शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके अलावा राजभवन से कल्पना अवस्थी हटाई गई हैं और उनकी जगह सुधीर बोबड़े भेजे गए हैं। वे राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव बने हैं। साथ ही आइएएस अधिकारी लोकेश एम को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है और बस्ती का मंडलायुक्त बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- कई IG-DIG समेत यूपी में 15 IPS अफसरों का तबादला, जानें किसे कहां मिली तैनाती

साथ ही आइएएस अधिकारी और सहारनपुर के डीएम अखिलेश सिंह भी स्थानांतरण हुआ है। अब दिनेश चंद्र सहारनपुर के डीएम बनाए गए हैं। मोनिका रानी, बहराइच की डीएम बनाई गई हैं। प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुभाष चंद्र शर्मा को वेटिंग में भेजा गया है।

पिछले महीने में भी कई अधिकारियों के हुए थे तबादले

इससे पहले बीते अप्रैल महीने में भी कई आइएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इनमें दुर्गा शक्ति नागपाल, दिव्य प्रकाश गिरी, संयुक्ता समददार, कृष्ण कुमार और आनंद कुमार का नाम शामिल  था। चिकित्सा विभाग की विशेष सचिव दुर्गा शक्ति नागपाल को बांदा का जिलाधिकारी बनाया गया था, जबकि प्रतीक्षारत संयुक्ता समददार को एनसीआर के आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई थी।

इन अधिकारियों का भी हुआ था ट्रांसफर

वहीं दिव्य प्रकाश गिरी को मुख्य सचिव का स्टाफ ऑफिसर बनाया गया था, वह पहले खाद्य और रसद विभाग के विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। कृष्ण कुमार और आनंद कुमार को एक समान जिम्मेदारी दी गई थी। दोनों की ही राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) के तौर पर तैनाती हुई थी। कृष्ण कुमार कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे, जबकि आनंद कुमार को संस्कृति विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

यह भी पढ़ें- यूपी में पांच IAS अफसरों का ट्रांसफर, दुर्गा शक्ति नागपाल बनीं DM बांदा, LDA OSD समेत 17 PCS भी बदले