हंगामे की भेट चढ़ा UP विधानमंडल मानसून सत्र का पहला दिन, सपा ने किया प्रदर्शन, CM ने कहा हम चर्चा के लिए तैयार

मानसून सत्र
सदन के बादर प्रदर्शन करते सपाई।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र गुरुवार को हंगामे के साथ शुरु हुआ। पहले दिन समाजवादी पार्टी के सदस्‍यों ने कानून-व्यवस्था को लेकर सदन के बाहर और अंदर जमकर हंगामा किया। शोक प्रस्ताव के बाद विधानसभा शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई, जबकि विधान परिषद की कार्यवाही हंगामे के चलते स्थगित हुई।

विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही करीब 11 बजे शुरू होनी होनी थी। इससे पहले करीब नौ बजे ही सपा के सदस्य विधान भवन पहुंच गए और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गए। सिर पर लाल टोपी और हाथों में तख्तियां लिए सपा सदस्य सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे।

सपाईयों का यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था, सोनभद्र व संभल कांड और पूर्व मंत्री मो. आजम खान के खिलाफ कार्रवाई को लेकर था, जिसके कारण सपाई धरना दे रहे थे। विधानसभा में नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी और विधान परिषद में पार्टी के नेता अहमद हसन इनका नेतृत्व कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- यूपी विधानमंडल सत्र के साथ जानें किन छह प्रस्‍तावों को योगी की कैबिनेट में मिली मंजूरी

सपा के सदस्य सभापति के आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे के चलते परिषद में सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद भी जब सपा सदस्य शांत नहीं हुए तो सभापति रमेश यादव ने सदन की कार्यवाही शुक्रवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इस दौरान विधान परिषद में सदन की कार्यवाही के दौरान बहराइच से सपा एमएलसी हाजी हमलाक खां बेहोश हो गए। सपा नेता अहमद हसन के कक्ष में प्राथमिक चिकित्सा के बाद सचिवालय डिस्पेंसरी में उनका इलाज किया गया।

दूसरी ओर ठीक 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही प्रारम्भ हुई। इसके बाद सदन के पांच बार सदस्य रहे आगरा पूर्वी के विधायक जगन प्रसाद गर्ग के निधन पर शोक प्रस्ताव लाया गया। इसपर नेता सदन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी समेत सभी दलों के नेताओं ने स्व. गर्ग के प्रति शोक संवेदना व्यक्त किया। सभी नेताओं ने स्व. गर्ग को एक कुशल राजनेता और सामाजिक कार्यकर्ता बताया। अंत में विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सदन की कार्यवाही को कल 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

यह भी पढ़ें- UP विधानमंडल सत्र: पहले दिन सपा ने किया प्रदर्शन, कांग्रेस ने की सत्र अवधि बढ़ाने की मांग

गौरतलब है कि आगरा में 30 जुलाई, 1952 में जन्मे जगन प्रसाद गर्ग का पिछले 10 अप्रैल को निधन हो गया था। आगरा पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार वह 1998 में भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2002, 2007, 2012 और 2017 में भी वह उसी सीट से भाजपा के विधायक रहे।

सभी मुद्दों पर चर्चा को तैयार: सीएम

सदन के नेता मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम सार्थक, रचनात्मक बहस, विचार-विमर्श को बढ़ावा के साथ अधिकतम चर्चा, अधिक से अधिक दिनों तक सदन की कार्यवाही चलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार सभी विषयों पर चर्चा के लिए तैयार है। सदन में लोकहित के मुद्दों पर बहस होनी चाहिए। साथ योगी ने यह भी कहा कि यूपी की विधानसभा देश की सबसे बड़ी विधान सभा है। सदन की कार्यवाही पर देश और दुनिया की निगाहें होती है। बार-बार सदन में हंगामा होने से जन-प्रतिनिधियों के प्रति प्रदेश की जनता के बीच गलत संदेश जाता है। और इससे यूपी की बदनामी भी होती है।

यहां बताते चलें कि विधानमंडल का मानसून सत्र 26 जुलाई तक चलना प्रस्तावित है। सत्र के दूसरे दिन 19 जुलाई को अध्यादेश, अधिसूचनाएं व नियमों आदि से संबंधित दस्तावेज पटल पर रखे जाएंगे। इसके बाद 20 और 21 जुलाई को शनिवार व रविवार की छुट्टी होने के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।

यह भी पढ़ें- यूपी विधानमंडल सत्र की हंगामेदार शुरुआत, विपक्ष ने राज्‍यपाल के खिलाफ की नारेबाजी, फेंके कागज के गोले