कांग्रेस के भुवन कापड़ी से अपनी सीट हारे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी

पुष्कर धामी हारे
पुष्‍कर सिंह धामी। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना के नतीजे आ रहे हैं। कांग्रेस के सीएम उम्मीदवार हरीश रावत के बाद उत्तराखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गये हैं। उनको कांग्रेस के भुवन कापड़ी ने छह हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। इसके बाद अब फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री बदले जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कांग्रेस नेता भुवन चंद कापड़ी ने हराया है, जोकि उत्तराखंड के कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। इस दौरान उत्तराखंड के सीएम धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड की जनता ने स्पष्ट कर दिया है और उनके समर्थन से राज्य में दो-तिहाई से भाजपा की जो सरकार बनी है, वह इस बात का प्रमाण है कि लोगों ने भाजपा को तरजीह दी है। लोगों ने आशीर्वाद देकर भाजपा की सरकार बनाई है।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद सभी मिथक टूट रहे हैं और नए इतिहास बन रहे हैं। संकल्प पत्र में हमने जो यूनिफॉर्म सिविल कोड के बारे में कहा है, उसके लिए हम उच्च स्तरीय कमेटी बनाएंगे। वह कमेटी इसके लिए एक ड्राफ्ट बनाएगी।

यह भी पढ़ें- रुझानों में भाजपा की बढ़त पर केशव मौर्या ने कहा, जनता जीत व गुंडागर्दी रही हार

वहीं युवाओं के बीच लोकप्रिय भुवन चंद कापड़ी उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस में जनरल सेक्रेटरी के पद पर भी रह चुके हैं। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन महज 2709 वोट से हारे गए थे। भुवन कापड़ी को 26,830 वोट मिले थे, जबकि पुष्कर सिंह धामी को 29,539 वोट हासिल हुए थे।

यह भी पढ़ें- #UPElectionResultLive: उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत की ओर, दूसरे नंबर पर चल रही सपा