नहीं रहे विनोद खन्‍ना, सिने जगत में छाई शोक की लहर

Vinod Khanna

आरयू वेब टीम।

काफी समय से मुंबई के एचएन रिलायंस अस्‍पताल में भर्ती 70 साल दिग्‍गज एक्‍टर विनोद खन्‍ना का निधन हो गया। प्राप्‍त जानकारी के अनुसार विनोद खन्‍ना ने आज सुबह 11.20 पर आखिरी सांस ली है। वह पिछले कुछ समय से ब्लैडर कैंसर से जूझ रहे थे। विनोद फिल्‍मों से लेकर राजनीति में विनोद खन्‍ना काफी सक्रिय थे।

विनोद खन्ना के अस्‍पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद पूरा हिंदी सिनेमा जगत उनके स्‍वास्‍थ्‍य के लिए दुआएं कर रहा था। विनोद खन्‍ना के निधन से फिल्‍म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

वहीं पीएम मोदी ने भी विनोद खन्‍ना के निधन पर ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा, ‘विनोद खन्ना एक पॉपुलर एक्टर के साथ समर्पित नेता और अद्भुत व्यक्ति थे। उनके निधन पर दुखी हूं। मेरी संवदनाएं साथ हैं। सीएम योगी ने भी ट्वीट के माध्‍यम से शोक व्‍यक्‍त किया है।

निधन की खबर मिलते ही सलमान भावुक हो गए बता दें सलमान खान आधी रात को विनोद खन्ना से मिलने सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल पहुंचे थे। सलमान खान पहले भी विनोद खन्ना के साथ कई फिल्में कर चुके हैं और उन्हें अपना लकी मैस्कट और मेंटर मानते रहे हैं। सलमान के अलावा महाराष्‍ट्र के सीएम देवेंद्र फड़णवीस भी उन्हें मिलने पहुंचे थे।

विलेन के तौर पर की थी करियर की शुरुआत

70 और 80 के दशक के सुपरस्‍टार  रहे विनोद खन्‍ना, वह सितारे थे जिन्‍होंने एक विलेन के तौर पर अपनी शुरुआत की। उन्‍होंने 1968 में सुनील दत्‍त के साथ फिल्‍म ‘मन का मीत’ , ‘पूरब और पश्चिम’, ‘मेरा गांव मेरा देश’ जैसी कई फिल्‍मों में नकारात्‍मक किरदार निभाए थे। 1971 में उन्‍होंने ‘हम तुम और वो’ में मुख्‍य भूमिका निभाई। विनोद खन्ना और अमिताभ बच्चन दोनों ही कड़े प्रतिद्वंदी माना जाते थे।

दोनों सुपरस्टार्स ने ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘परवरिश’, ‘अमर अखबर एंथॉनी’ जैसी फिल्मों में साथ में काम किया था। विनोद खन्ना ने अपने चार दशक लंबे सिने करियर में लगभग 150 फिल्मों में अभिनय किया। उनके निभाए हर किरदार सिनेमा प्रेमियों के दिलों में ज़िंदा रहेंगे।