इतिहासकार योगेश प्रवीन के नाम से जाना जाएगा रकाबगंज चौराहा

रकाबगंज चौराहा
रकाबगंज चौराहे का लोकार्पण करते डिप्टी सीएम साथ में मेयर व ब्रजेश पाठक।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। महापौर की अध्यक्षता वाली नगर निगम कार्यकारिणी समिति ने रकाबगंज चौराहे का नाम दिवंगत योगेश प्रवीन के नाम पर करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में गुरुवार को रकाबगंज चौराहे का लोकार्पण कर दिया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा, कानून एवं विधायी मंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद थीं।

इस अवसर पर डिप्‍टी सीएम ने योगेश प्रवीन से अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ से जुड़ी जानकारियां हर किसी तक पहुंचने में योगेश प्रवीन के योगदान को भूला नहीं जा सकता है। उन्हें लखनऊ का इतिहास कंठस्थ था। योगेश प्रवीन की लिखित किताबों को पढ़ने से आप लखनऊ के अतीत को जान सकते हैं। नई पीढ़ी के लिए उनकी किताबें ज्ञान बढ़ाने का काम करेंगी।

वहीं कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पद्मश्री योगेश प्रवीन ने कम संसाधनों में जिस तरह से लखनऊ को अपनी किताबों में उतारा है, वह सराहनीय कार्य है। हर कोई उनकी किताब को पढ़कर लखनऊ के बारे में जान सकता है। महापौर ने पद्मश्री योगेश प्रवीन की सादगी का जिक्र करते हुए कहा कि रकाबगंज चौराहे से कुछ दूरी पर ही उनका घर है और अब उनके नाम से रकाबगंज चौराहे की पहचान होगी।

यह भी पढ़ें- इतिहासकार पद्मश्री योगेश प्रवीन का निधन, समय से नहीं मिली एंबुलेंस

बता दें कि कुछ समय पूर्व इतिहासकार पद्मश्री डा योगेश प्रवीन के नाम पर रकाबगंज चौराहे का नाम रखने की मांग उठाई गई थी। जिसे नगर निगम से पास कर दिया गया था। वहीं आज उनका 80वां जन्‍म दिवस था। इस साल अप्रैल में उनका निधन हुआ था। जाने माने इतिहासकार डा योगेश प्रवीन को चलता फिरता इनसाइक्‍लोपीडिया कहा जाता था। अपनी पुस्तक लखनऊनामा के जरिये उन्होंने लाखों-करोड़ों लोगों को लखनऊ शहर की तहजीब से रूबरू कराया।

यह भी पढ़ें- कैबिनेट मंत्री की पैरवी पर भी पदमश्री योगेश प्रवीन को नहीं मिली थी एंबुलेंस, ब्रजेश पाठक का पत्र वायरल, लेटर में तार-तार नजर आयी लखनऊ की स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं