बोले लालू कांग्रेस के बिना तीसरे मोर्च की कल्‍पना भी नहीं, मायावती-अखिलेश के साथ पर खुशी भी जताई

लालू रिहा
लालू प्रसाद यादव। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। 

चारा घोटाले के मामले में जेल में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव गुरुवार को इलाज के लिए दिल्‍ली स्थित एम्स पहुंचे हैं। आज नयी दिल्ली स्टेशन पर मीडिया से बात करते हुए लालू यादव ने कहा कि मायावती और अखिलेश यादव के एक साथ आने से उन्हें खुशी हुई है।

यह भी पढ़ें- मायावती ने कहा बंगाल-बिहार हिंसा के मामले में दोहरा मापदंड अपना रही मोदी सरकार

वहीं विपक्ष में नेतृत्व के सवाल पर राजद सुप्रीमो ने कहा ‘सबसे पहले सभी नेता एकमत से इकट्ठे तो हों, फिर नेतृत्व की बात होगी। हमलोग एक साथ हैं और सही दिशा में जा रहे हैं। सत्‍ताधारी पार्टी को निशाने पर लेते हुए बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि भाजपा अभी तक विपक्ष के आपसी मतभेदों का फायदा उठाती रही है।

यह भी पढ़ें- चारा घोटाला: अब दुमका कोषागार मामले में लालू को मिली 14 साल की सजा, 60 लाख जुर्माना भी लगा

राहुल के नेतृत्व में गठजोड़ के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में सभी लोग मिल बैठकर बात करेंगे। गठजोड़ के चलते ही भाजपा को उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनाव में हार मिली है। मीडिया के एक सवाल के जवाब में लालू यादव ने तीसरे मोर्चे की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में ही कोई भी फ्रंट बन सकता है। कांग्रेस के बगैर तीसरे मोर्चे की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

भाजपा ने बिहार में लगा दी आग

वहीं नीतिश के बारे में बात करते हुए लालू बोले कि नीतीश कुमार अब खत्म हो चुके हैं। पूरे बिहार में दंगे और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। भाजपा ने बिहार में आग लगा दी है।

यह भी पढ़ें- UP राज्‍यसभा चुनाव: मुश्‍किल की घड़ी में मायावती को BSP विधायक ने दिया दांव, सपा विधायक ने भी की क्रास वोटिंग

दस बीमारियों से जूझ रहे

बताते चलें कि चारा घोटाला के चार मामलों में दोषी करार दिये गये लालू प्रसाद को रांची के रिम्स से दिल्ली के एम्स में रेफर किया गया है। वो रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में  फिलहाल सजा काट रहे थे। इसी दौरान 17 मार्च को उनकी तबीयत बिगड़ गयी और उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया। जांच में पता चला कि लालू यादव कम से कम दस बीमारियों से जूझ रहे हैं। उनकी स्थिति बेहद गंभीर थी। किडनी में गंभीर समस्या थी और सीरम क्रिटनीन बढ़ा हुआ था। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्स ले जाने की सलाह दी गयी। रिम्स की मेडिकल बोर्ड की सलाह के बाद राजधानी एक्सप्रेस से बुधवार को उन्हें रांची से दिल्ली लाया गया।

यह भी पढ़ें- मायावती की प्रेस कांफ्रेंस के बाद अखिलेश ने कहा भाजपा की साजिश से सपा-बसपा की एकता हुई और मजबूत