नदियों को नालों में बदल रही भाजपा सरकार, आचमन के लायक भी नहीं रहा पानी: अखिलेश

नदियों को नालों में बदल रही

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। नदियों की निर्मलता का नारा देकर सत्‍ता में आने वाली भाजपा की केंद्र और राज्‍य सरकार पर आज अखिलेश यादव ने जमकर हमला बोलने के साथ ही उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाएं हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारों में नदियों की पवित्रता और निर्मलता समाप्त हो गई है। जल ही जीवन के मंत्र को भुलाकर नदियों को नालों में तब्दील किया जा रहा है। गंगा, यमुना, गोमती, हिंडन, वरूणा, कुंआरी नदी का जल बुरी तरह प्रदूषित हैं। इनकी सफाई के नाम पर करोड़ो रूपयों का सिर्फ बंदरबांट हुआ है। फूल खिलाने का वादा करने वाली पार्टी सत्‍ता मे आने पर जलकुंभी उगा रही है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का BJP पर हमला, अराजकता की गिरफ्त में पूरा प्रदेश, CM की भाषा पर भी उठाए सवाल

सोमवार को अपने बयान में नरेंद्र मोदी के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्‍होंने कहा था कि जिसमें मोदी ने कहा था कि मां गंगा के बुलावे पर गुजरात से काशी आए हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी का कार्यकाल समाप्ति पर है पर गंगा पहले जैसी मैली है। वे गुजरात के सूरत में कुंआरी नदी में जलकुंभी की काली छाया छोड़कर आए और काशी भी उससे अछूती नहीं रही।

वहीं दिल्ली में यमुना का पानी काला और दुर्गन्धित हो गया है। हिंडन नदी भी प्रदूषण से बच नहीं पाई है। भाजपा राज में नदियों की ऐसी दुर्दशा हुई है कि अब इनका जल आचमन करने लायक भी नहीं बचा है। आक्सीजन की लगातार घटती मात्रा से जलजीव भी नष्ट होते जा रहे हैं। भाजपा सरकार ने लखनऊ में आदि गंगा गोमती नदी पर दाग लागने का पाप किया है।

आकर्षण का केंद्र बने रिवर फ्रंट की हरियाली हो गई खत्म

अपनी सरकार का जिक्र करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि वाराणसी की वरूणा नदी को प्रदूषण मुक्त एवं सुन्दरीकरण करना शुरू हुआ था। गोमती नदी की सफाई के साथ रिवर फ्रंट के सुन्दरीकरण का काम हुआ, लेकिन योगी सरकार की ऐसी बुरी नजर पड़ी कि जनता के आकर्षण का केंद्र बने रिवर फ्रंट की हरियाली खत्म हो गई है। बेशकीमती इम्पोर्टेड फाउंटेन कबाड़ होने को हैं। योगी सरकार ने तय कर रखा है कि समाजवादी सरकार के विकास कार्यों को बर्बाद किये बिना वह चैन से नहीं बैठेगी।

यह भी पढ़ें- कैश की किल्‍लत पर मोदी सरकार पर अखिलेश का हमला, शिक्षामित्रों को लेकर भी कह दी ये बड़ी बात

भाजपा को यह समझ नहीं है कि शहर का गंदा पानी नहीं रूकेगा तथा ट्रीट नहीं होगा तब तक नदी की गंदगी समाप्त नहीं होगी। गोमती के काफी बड़े हिस्से पर जलकुंभी फैल चुकी है। छोटे-बड़े दर्जन भर से ज्यादा नाले रोजाना गोमती नदी को मैला कर रहे हैं। इन नालों की गंदगी गोमती में न गिरे इसके लिए जो व्यवस्थाएं होनी चाहिए, भाजपा सरकार को उनकी फिक्र नहीं, मुख्यमंत्री और उनके दूसरे मंत्री भी आंख बंद किए हुए हैं।

भाजपा ने जनता के साथ किया धोखा

पर्यावरण की रक्षा, नदियों की निर्मलता और सुन्दरीकरण की दिशा में समाजवादी सरकार ने जो कदम उठाए थे उन्हें रोककर भाजपा ने जनता के साथ धोखा किया हैं। जनता भाजपा सरकारों को और ज्यादा बर्दाश्त नहीं करेगी और 2019 में भाजपा का हिसाब किताब चुकता कर देगी।

यह भी पढ़ें- किशोरी से गैंगरेप और पिता की मौत के मामले में अखिलेश ने योगी से मांगा इस्‍तीफा