भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले प्रधानमंत्री मोदी, 2022 की जीत ने तय कर दिये 2024 के नतीजे, भारत में होगा परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रधानमंत्री।

आरयू वेब टीम। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में यूपी समेत चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। देश की चुनौतियों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 2022 की जीत ने तय कर दिये 2024 के नतीजे बता रहे हैं कि एक दिन आयेगा, जब भारत में परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त होगा।

आज शाम प्रधानमंत्री ने नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज उत्साह, उत्सव का दिन है। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। विशेष रूप से हमारी माताओं-बहनों ने, युवाओं ने जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है।

मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। उन्होंने भाजपा की जीत पक्की की। पीएम ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली दस मार्च से ही शुरू हो जायेगी। उन्होंने कहा कि हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने ये विजय ध्वज फहराकर इस वायदे को पूरा करके दिखाया है। मैं सभी कार्यकर्ताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करता हूं। इन्होंने दिन-रात देखे बिना इन चुनावों में कड़ी मेहनत की। हमारे कार्यकर्ता जनता-जनार्दन का दिल जीतने में, उनका विश्वास जीतने में सफल रहे।

मोदी ने कहा कि पूरे पार्टी का नेतृत्व जिन्होंने किया, कार्यकर्ताओं को जिन्होंने मार्ग दर्शन किया, ऐसे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भी अभिनंदन किया और उन्हें जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी स्तर के कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ही आज एनडीए के लिए जीत का चौका लगाना संभव हो पाया। साथ ही कहा कि यूपी ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिये, लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है।

यह भी पढ़ें- एक लाख से अधिक वोटों से गोरखपुर सीट जीतकर बोले CM योगी, प्रधानमंत्री के विकास व सुशासन को जनता ने फिर दिया आशीर्वाद

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आयी है। उन्होंने कहा कि तीन राज्य उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद बीजेपी के वोट शेयर में वृद्धि हुई है। गोवा में सारे एग्जिट पोल गलत साबित हुए। वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का अवसर बीजेपी को दिया है। दस साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में बीजेपी की सीटों की संख्या बढ़ी है।

उत्तराखंड में भी भाजपा ने रचा इतिहास

मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है। कहा कि राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आयी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य और एक मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त राज्य और पूर्वोत्तर की सीमा पर एक राज्य में जीत मिली है। यानी भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है। इन राज्यों की चुनौतियां भिन्न हैं। सबके विकास की यात्रा का मार्ग भिन्न है, लेकिन, सबको जो बात एक सूत्र में पिरो रही है, वो है, भाजपा पर विश्वास। भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर अपार विश्वास।

यह भी पढ़ें- #UPElectionResultLive: उत्तर प्रदेश में भाजपा को फिर प्रचंड बहुमत, दूसरे नंबर पर सपा