मौसम विभाग का अनुमान छह जून को दस्तक देगा मानसून

केरल तट
(प्रतिकात्‍मक फोटो।)

आरयू वेब टीम। 

इस साल देश में पांच दिन की देरी से मानसून के दस्तक देने की संभावना जताते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण पश्चिम मानसून छह जून को केरल तट पर पहुंच सकता है। इसकी जानकारी मौसम विभाग ने बुधवार को दी। उल्लेखनीय है कि भारत में चार महीने के बारिश के मौसम की शुरुआत दक्षिण पश्चिम मानसून से होती है। यह मानसून भारत में हर साल सामान्यत: एक जून को केरल तट पर दस्तक देता है।

दक्षिण पश्चिम मानसून के बारे में मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस साल मानसून पहुचंने में पांच दिन की देरी हो सकती है। विभाग ने हालांकि इसमें चार दिन अधिक या कम होने की संभावना से इंकार नहीं किया है। निजी क्षेत्र की मौसम एजेंसी ‘स्काईमेट’ ने भी मंगलवार को देश में चार दिन की देरी से चार जून को मानसून के पहुंचने का अनुमान जारी किया था। इसके एक दिन बाद मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मानसून की पूर्वानुमान रिपोर्ट जारी की है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में फैनी तूफान का कहर, पुरी के कई इलाके डूबे, 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं

विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून के लिए अंडमान सागर और निकोबार द्वीप के दक्षिणी इलाकों तथा बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र में 18 से 19 मई के बीच आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बरकरार हैं। विभाग के अनुसार अगर पूवार्नुमान के मुताबिक मानसून इस साल भी देरी से आता है, तो 2014 के बाद मानसून के विलंबित होने का यह तीसरा साल होगा।

यह भी पढ़ें- 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा तट से टकराया ‘तितली’, भारी बारिश व तूफान से जनजीवन अस्त–व्यस्त

इसी तरह 2017 में 30 मई को मानसून की दस्तक के बाद भी बारिश की मात्रा औसत स्तर की 95 प्रतिशत ही रही थी। विभाग ने अप्रैल में जारी पूर्वानुमान में दक्षिण पश्चिम मानसून में लगभग सामान्य बारिश होने का अनुमान व्यक्त करते हुये इसके 96 प्रतिशत तक रहने की संभावना जतायी थी जबकि स्काईमेट ने इसके सामान्य से कम 93 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

यह भी पढ़ें- सीतापुर समेंत कई जिलों में आंधी-तूफान की आशंका, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट