आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सड़क दुर्घटनाओं में आए दिन लखनऊ में लोगों की जानें जाने के बाद भी खतरनाक ढ़ग से कार की सवारी करने के मामले लगातार सामने आ रहें हैं। ऐसा ही एक मामला अब सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक इनोवा (कार) से लटककर युवती प्लॉसियो मॉल के पास से गुजरती हुई देखी गयी है। युवती का खतरनाक ढंग से सफर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सुशांत गोल्फ सिटी इनोवा के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार लोगों ने इस वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए लखनऊ पुलिस से सवाल किए। शहीद पथ के इस वीडियो में सफेद रंग की चलती इनोवा गाड़ी के बाहर एक युवती लटकती दिखाई दे रही है। अंदर बैठा व्यक्ति खिड़की से हाथ बाहर निकाल युवती को दबोचे हुए था।
यह भी पढ़ें- यूपी पुलिस की जीप पर चढ़ युवती ने बनाई रील, Video वायरल होते ही सिपाही लाइन हाजिर, जानें पूरा मामला
इस वीडियो के लोग सोशल मीडिया पर कई मायने निकाल रहें हैं, अधिकतर लोग जहां इसे स्टंट करार दे रहे थे वहीं कुछ का यह भी मानना था कि युवती का अपहरण कर उसे जबरदस्ती कहीं ले जा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस वाहन चालक की तलाश करने की बात कह रही है। वीडियो में इनोवा का नंबर साफ नजर आ रहा है, जबकि उसके पिछले शीशे पर एडवोकेट भी लिखा हुआ था।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी ने मीडिया को बताया कि मामले में एफआइआर दर्ज कर ली गयी है। पुलिस इनोवा के नंबर के आधार पर उसके चालक के बारे में पता लगा रही है।




















