कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा प्रियंका ने कहा, फर्जी मुकदमें लगे-जेल में डाला गया मगर आप डरे नहीं देश को दिया संविधान बचाने का ठोस संदेश

प्रियंका गांधी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। इस सफलता पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को अपने व समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम एक संदेश जारी कर कहा कि मुझे गर्व है आप पर और यूपी की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया।

यूपी कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम। मैंने आपको धूप और धूल में कड़ी मेहनत करते हुए देखा, आप झुके नहीं, आप रुके नहीं, कठिन से कठिन दौर में आपने लड़ने की हिम्मत दिखाई। आपको प्रताड़ित किया गया, आप पर फर्जी मुक़दमे लगाये गये, जेल में डाला गया, बार-बार नज़रबंद किया गया मगर आप डरे नहीं। कई नेता डर के चले गये, आप टिके रहे।

मुझे गर्व है आप पर और यूपी की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया। आपने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं, इनको नकारने की क़ीमत भारी होती है। चुनाव जनता का है, जनता ही लड़ती है, जनता ही जीतती है।

यह भी पढ़ें- अमेठी में कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा की स्‍मृति ईरानी पर बड़ी जीत, अपना बूथ भी हारीं केंद्रीय मंत्री

वहीं एक अन्य पोस्ट में प्रियंका ने अखिलेश यादव, डिंपल यादव को अड्रेस कर कहा कि, आपको और समाजवादी पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को यूपी के नतीजों के लिए मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। भीषण परिस्थितियों में हम सबने मिलकर एक ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। जमीन पर कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ताओं ने हिम्मत से जनता के मुद्दों, सामाजिक न्याय और संविधान की आवाज उठाई। तमाम धमकियों व दमन के बावजूद वे एकजुट होकर लोकतंत्र के प्रहरी बने और बूथ-बूथ पर खड़े रहे। आप सबकी कड़ी मेहनत के चलते हमारी एकजुटता व मुद्दों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में जनता ने भरोसा दिखाया है। आप सभी को दिल से धन्यवाद। जय जनता। जय संविधान।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी व डिंपल यादव ने काशी में किया रोड शो, सड़कों पर उमड़ा जन सैलाब