निर्विरोध चुने गए नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्य, सपा का एक व बीजेपी के पांच मेंबर

नगर निगम कार्यकारिणी
चुने गए नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्य व अन्‍य।

आरयू वेब टीम। लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी के खाली छह पदों पर सोमवार को भाजपा के पांच और सपा के एक प्रत्याशी को निर्विरोध चुन लिया गया। दरअसल नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी के छह सदस्य 14 जून को लाटरी डालकर रिटायर किए गए थे। उन्हीं रिक्त पदों पर चुनाव हुआ।

जो छह सदस्य रिटायर हुए थे, उनमें भाजपा के पांच और सपा का एक सदस्य शामिल थे। उसी हिसाब से दोनों दलों ने प्रत्याशी तय किए हैं, ताकि क्रॉस वोटिंग और चुनाव की नौबत न आए।

भाजपा के चुने गए सदस्यों में बाबू जगजीवन राम वार्ड के पार्षद भृगुनाथ शुक्ला, कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड की गौरी सांवरिया, मोती लाल नेहरू चंद्रभानु गुप्त वार्ड की चरनजीत गांधी, बाजार कालीजी चौक के अनुराग मिश्रा अन्नू और खरिका प्रथम वार्ड के कृष्ण कुमार का नाम शामिल हैं। वहीं, सपा की अंबरगंज वार्ड की पार्षद सबा अहसन को चुना गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी विधानपरिषद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बहोरन लाल मौर्य निर्विरोध निर्वाचित

कांग्रेस के सदन में महज तीन पार्षद हैं। ऐसे में वह चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं थी। बीते साल मुकेश सिंह चौहान ने चुनाव लड़ने का दावा किया था, लेकिन ऐन मौके पर पर्चा दाखिल नहीं किया। इस बार किसी ने दावा नहीं किया है। वहीं, बसपा से अमित चौधरी अकेले पार्षद थे, जो तीन महीने पहले भाजपा में शामिल हो गए।

यह भी पढ़ें- यूपी विधान परिषद के 13 नवनिर्वाचित MLC ने ली शपथ