आरयू वेब टीम। बीते महीनों में विश्व में कई जगहों पर भूकंप के झटके महसूस हुए है। इस बीच असम में मंगलवार को 4.2 की तीव्रता का भूकंप आया। जिससे दहशत में आए लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। हालांकि इसको लेकर किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे की एक रिपोर्ट के मुताबिक असम के मांजा में आज सुबह करीब 9.22 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। जिसका केंद्र असम के मांजा क्षेत्र था। इसकी गहराई कम होने के कारण कुछ ही इलाकों में स्पष्ट रूप से महसूस हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक से फर्श और दीवारें हिलने लगी और दहशत में आए लोग घरों से बाहर भागे। इसकी वजह से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
यह भी पढ़ें- अब हिमाचल प्रदेश में आया भूकंप, मची अफरा-तफरी
असम में इससे पहले इसी साल फरवरी में भूकंप आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 5.0 दर्ज की गई थी।फरवरी में गुवाहाटी, नागांव और तेजपुर के इलाके में झटके महसूस हुए थे।
वहीं नेपाल में 30 जून को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.9 थी। अचानक आए भूकंप के कारण लोग अपने घरों से बाहर भाग आए थे। पाकिस्तान में 29 जून को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। भूकंप तड़के करीब 3:54 बजे महसूस हुए, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया।



















