‘भैया बचा लीजिए हमारा स्कूल’ मासूमों ने संजय सिंह को राखी बांधकर की भावुक अपील

संजय सिंह को राखी
आप के सांसद को राखी बांधती मासूम।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार के स्‍कूल बंद करने के फैसले के खिलाफ विपक्ष लगातार उनपर अब भी हमलावर है। इसी क्रम में रक्षाबंधन के दिन आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने राजधानली लखनऊ के पड़ोसी जिले सुल्तानपुर के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सराय नौरंग प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया। यह विद्यालय हाल ही में योगी  प्रदेश सरकार ने बंद करवा दिया था।

नहीं खुला स्‍कूल तो…

स्‍कूल के परिसर में पहुंचने पर बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ संजय सिंह की कलाइयों पर राखी बांधी और अपने स्कूल को बचाने की भावुक अपील की। बच्चों की व्यथा सुनकर संजय सिंह ने मौके पर ही सरकार को चेतावनी दी अगर स्कूल तुरंत नहीं खोला गया तो आम आदमी पार्टी गांव-गांव में जोरदार आंदोलन छेड़ेगी।

यह भी पढ़ें- यूपी के 27 हजार स्‍कूल बंद करने के फैसले पर बोलीं प्रियंका, भाजपा सरकार नहीं चाहती कमजोर तबके के बच्चों को मिले शिक्षा

योगी सरकार पर हमला करते हुए राज्‍यसभा सांसद ने आगे कहा कि “आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में एक भी सरकारी स्कूल बंद नहीं होने देगी। जनता और आप के कड़े विरोध के कारण सरकार को अपने पुराने फैसले में बदलाव करना पड़ा और एक किलोमीटर दूरी तथा 50 छात्र संख्या की शर्त लागू की गई, लेकिन जब तक प्रदेश के अंतिम स्कूल को भी बंद करने का फैसला रद्द नहीं हो जाता प्रदर्शन जारी रहेगा।

वह डेढ़ किलोमीटर दूर है

संजय सिंह ने यह भी कहा कि सराय नौरंग प्राथमिक विद्यालय को जिस स्कूल में मर्ज किया गया है, वह डेढ़ किलोमीटर दूर है, जबकि सरकार के नए आदेश के मुताबिक एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर मर्ज किए गए स्कूलों को फिर से खोलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा, “सरकार तुरंत ऐसे सभी स्कूलों को खोले और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए, वरना हम हर गांव में जाकर आंदोलन करेंगे।”

संजय सिंह ने योगी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “यह निर्णय गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों को शिक्षा से दूर करने की सुनियोजित साजिश है। जब तक प्रदेश का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित रहेगा, आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।”

यह भी पढ़ें- विरोध के बाद बैकफुट पर योगी सरकार, एक किलोमीटर से ज्‍यादा दूर व 50 से अधिक छात्रों वाले स्कूल नहीं करेगी बंद

इस दौरान आप के यूपी प्रभारी ने दिल्ली और पंजाब में आप की सरकारों के काम काउदाहरण देते हुए कहा कि सरकारी स्कूल भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हो सकते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार उन्हें बंद करके शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने पर तुली है।”

इस दौरान आप यूपी के मुख्य प्रवक्ता व जयसिंहपुर संगठन प्रभारी वंशराज दूबे, जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र, विधानसभा अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, धर्मराज सिंह, बालेन्द्र सिंह, कुलदीप यादव, दिलीप यादव, जेपी यादव, अरुण, फहीम, रमाशंकर व राकेश सिंह समेत अन्‍य मौजूद रहें।