आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी के संस्थापक सदस्य व कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से गले मिलकर पुराने गिले‑शिकवे भुलाने का संकेत दिया। दोनों एक कार से घर पहुंचे। आजम के आवास पर अखिलेश उनके साथ हाथ में हाथ डाले हुए दिखाई दिए।
बुधवार दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में उतरा। यहां आजम खान ने उनका स्वागत किया। इसके बाद अखिलेश को अपनी गाड़ी में बैठाकर आजम लगभग एक बजे अपने आवास पहुंचे। गाड़ी से उतरने के बाद अखिलेश आजम का हाथ पकड़कर अंदर गए। वहीं आजम से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत कर अखिलेश यादव ने आजम खान को पार्टी का एक मजबूत स्तंभ बताया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
आजम खान से मिलने पहुंचे अखिलेश ने कहा की “मैं आज आदरणीय आजम खान साहब से मिलने आया हूं और उनका हाल-चाल ले रहा हूं।” साथ ही आजम खान के कद को बताते हुए कहा कि वे पुराने नेता हैं और समाजवादी पार्टी के दरख्त हैं। वहीं भावुक होते हुए कहा, “इतनी गहरी जड़ें और इतना गहरा उनका साया भी और हमेशा उनका साथ रहा है। पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
यह भी पढ़ें- करीब दो साल बाद जेल से बाहर आए आजम खान का मीडिया को जवाब, पहले कराना है इलाज
अखिलेश ने आजम खान के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कामना है कि “उनका स्वास्थ्य अच्छा हो और उन्हें न्याय मिले।” उनके और परिवार पर दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि “देश के इतिहास में पता नहीं भारतीय जनता पार्टी कौन सा हिनियस वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना चाहती है।” आजम खान के परिवार पर सबसे ज्यादा केस लगे। उन पर सब झूठे केस लगे और गलत केस लगे। “सपा मुखिया ने स्पष्ट किया, “ये बड़ी लड़ाई है, हम सब मिलकर के लड़ेंगे।”




















