दूसरे दिन भी मॉर्निंग वॉक पर निकले अखिलेश, रिवर फ्रंट पर चलाई साइकिल, योगी सरकार पर भी साधा निशाना

मॉर्निंग वॉक पर अखिलेश
अखिलेश के साथ फोटो खिचाने में भी लगे रहे लोग। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आजकल अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। सरकारी बंगला खाली करने के बाद से अखिलेश लगातार सा‍इकिल से मॉर्निंग वाक पर निकलने के साथ ही पिछली सपा सरकार की योजनाओं का भी जायजा ले रहे हैं। सोमवार को उनके साथ मॉर्निंग वॉक पर समाजवादी पार्टी के अन्‍य कार्यकर्ता भी नजर आए।

मॉर्निंग वॉक पर अखिलेश

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने वीवीआइपी गेस्‍ट हाउस से ताज होटल होते हुए गोमती रिवर फ्रंट तक वॉक किया। साथ ही रिवर फ्रंट पर उन्होंने साइक्लिंग भी की। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मॉर्निंग वॉक पर आज दूसरा दिन था। उन्होंने गोमतीनगर के रिवर फ्रंट को देश के दूसरे रिवर फ्रंट से बेहतर बताते हुए कहा कि यहां कोई विदेशी पेड़ नही लगे हैं, यहीं के हैं। बस एक साथ रखे गए हैं, ग्रुपों में है तो बेहतर लगते हैं।

उद्धाटन का उद्धाटन कर रही सरकार

योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार को पेड़-पौधों से लगाव नही है। जनता से कहा कुछ, किया कुछ। नौजवानों और किसानों के साथ भी कोई वादा पूरा नहीं किया। देश को पांच वर्ष पीछे कर दिया। सत्ता पक्ष के लोग ऐतिहासिक हैं, क्योंकि सरकार उद्घाटन का उद्घाटन कर रही है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि व्यक्तिगत हमले होंगे तो हम भी वही करेंगे। मैं चाहता हूं कि मुद्दों पर बात हो।

मॉर्निंग वॉक पर अखिलेश

यह भी पढ़ें- अखिलेश से मुलाकात कर बोले संजय सिंह, मोदीराज में उदारवादियों का जीना हुआ मुश्किल

इससे पहले अखिलेश यादव रविवार को साइक्लिंग कर गोमती रिवर फ्रंट पहुंचे थे, जहां उन्‍होंने बच्‍चों के साथ क्रिकेट भी खेला। वहीं शाम को अखिलेश जनेश्वर मिश्र पार्क भी गए। जहां उन्‍होंने लोगों से बातचीत की। हांलाकि रविवार सुबह वॉक पर वह बिना किसी सुरक्षा के नजर आएं, जबकि शाम को पार्क में उनके साथ सुरक्षागार्ड मौजूद थे। पार्क में फैली गंदगी को देख उन्‍होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यहां सरकार को सफाई पर ध्यान देना चाहिए।

बढ़ी महंगाई पर सरकार को जनता देगी जवाब

मीडिया से बात करते हुए सपा सुप्रीमो ने पेट्रोल डीजल के दामों को लेकर बीजेपी पर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि डीजल और पेट्रोल ही नहीं, गैस के भी दाम बढ़े हैं। आम चीजों में भी महंगाई है। सरकार ने महंगाई बढ़ाई है तो जनता जवाब देगी। वहीं जम्‍मू-कश्‍मीर में दो जवानों के शहीद होने पर दुख प्रकट करते हुए अखिलेश ने कहा कि देश की सीमा पर जवानों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सरकार की है।

यह भी पढ़ें- नोएडा न जाने की सलाह मान गए होते योगी तो उपचुनाव में न देखना पड़ता हार का मुंह: अखिलेश