आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के मौसम को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि इस बार दिसंबर-जनवरी में भीषण ठंड पड़ेगी। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि, दिन में अच्छी खासी धूप खिलने के बाद भी रात और सुबह में काफी ठंड हो रही। सोमवार को कानपुर, इटावा, अयोध्या, बाराबंकी, मुजफ्फर नगर, मेरठ, बुलंदशहर आदि में रात में आंशिक शीतलहर जैसे हालात देखने को मिले। इन जिलों में रात का पारा दस डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक का कहना है कि उत्तर प्रदेश में चल रही गलन भरी पछुआ की रफ्तार कम हो जाने और उत्तरी हवाओं के असर से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में रात में चल रही आंशिक शीतलहर से राहत मिलेगी। साथ ही दिन व रात के पारे में हल्की बढ़त भी देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा पड़ा। मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता 400 मीटर कानपुर और फुरसतगंज (अमेठी) में दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में ठंड ने दी दस्तक, मौसम विभाग का अनुमान, तापमान में आएगी गिरावट
इसके अलावा मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस समय उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से अधिकतम न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई। दिन में मौसम साफ होने से गुनगुनी धूप खिल रही है, जिससे दिन का तापमान सामान्य बना हुआ है। वहीं रात के समय ठंडक में वृद्धि हुई है। आसमान साफ होने तथा उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलने से अधिकतम न्यूनतम तापमान में एक से लेकर तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है।




















