युद्ध की आशंका के बीच भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी

एडवाइजरी

आरयू वेब टीम। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की आशंका भी जताई जा रही है। जिसे देखते हुए सोमवार को भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों से उपलब्ध वाणिज्यिक उड़ानों समेत सभी परिवहन साधनों का उपयोग कर तुरंत ईरान छोड़ने की अपील की है।

दरअसल परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि क्षेत्र में युद्ध की आशंका जताई जा रही है। अमेरिका ने मध्य पूर्व में बड़े पैमाने पर सैन्य तैनाती शुरू कर दी है, जबकि ईरान के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन और झड़पों की खबरें सामने आ रही हैं। इन्हीं हालात को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित बाहर निकलने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- तनाव के बीच ईरान ने बंद किया एयरस्पेस, एयर इंडिया -इंडिगो ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को जारी अपनी आधिकारिक एडवाइजरी में साफ कहा कि, ईरान में बदलती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों) को सलाह दी जाती है कि, वे वाणिज्यिक उड़ानों समेत उपलब्ध सभी परिवहन साधनों का उपयोग कर ईरान छोड़ दें।

ये हैं जरूरी दिशा-निर्देश

भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे सभी भारतीयों के लिए कुछ अहम सावधानियां भी बताई हैं-

भारतीय नागरिक अत्यधिक सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, रैली या भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें।

स्थानीय घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए स्थानीय मीडिया और दूतावास की सूचनाओं को फॉलो करें।

दूतावास के साथ नियमित संपर्क में बने रहें।

पासपोर्ट, वीजा और इमिग्रेशन से जुड़े सभी दस्तावेज हमेशा तैयार रखें।

किसी भी आपात स्थिति में तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क करें।

साथ ही दूतावास ने खास तौर पर उन भारतीय नागरिकों से अपील की है जिन्होंने अब तक दूतावास में अपना पंजीकरण नहीं कराया है। ऐसे नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि, वे तुरंत आधिकारिक लिंक पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी सुरक्षित निकासी और सहायता सुनिश्चित की जा सके।

दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि, यदि ईरान में इंटरनेट सेवा बाधित होने के कारण कोई भारतीय नागरिक खुद रजिस्ट्रेशन नहीं कर पा रहा है, तो भारत में रह रहे उनके परिवार के सदस्य भी उनकी ओर से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

हेल्पलाइन नंबर जारी

भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने कई आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं-

+989128109115

+989128109109

+989128109102

+989932179359

इसके अलावा नागरिक cons.tehran@mea.gov.in पर ईमेल के जरिए भी संपर्क कर सकते हैं।

नागरिकों की सुरक्षा ही…

वहीं भारत सरकार और विदेश मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि, विदेश में रह रहे हर भारतीय की सुरक्षा सर्वोपरि है। दूतावास लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे और कदम उठाए जा सकते हैं। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि, वे घबराएं नहीं, लेकिन लापरवाही भी न बरतें और दूतावास द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मालूम हो कि वर्तमान संकट की जड़ें अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद में हैं। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर 10-15 दिनों का अल्टीमेटम दिया था। ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि, यदि नया समझौता नहीं हुआ तो इसके बहुत बुरे परिणाम हो सकते हैं। इसके बाद अमेरिका ने मध्य पूर्व में युद्धपोत, फाइटर जेट्स और सैन्य संसाधनों की भारी तैनाती शुरू कर दी है। दूसरी ओर, ईरान में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं और कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन और हिंसक झड़पें देखने को मिल रही हैं।

यह भी पढ़ें- तुरंत छोड़ दें ईरान, दूतावास ने जारी की भारतीयों के लिए एडवाइजरी