आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पुलिस और आरटीओ अफसरों की लापरवाही व मिलीभगत के चलते सड़कों पर दौड़ रहीं प्राइवेट स्लीपर बसें मौत का सामान बनती जा रहीं हैं। आज शाम इसी क्रम में लखनऊ में भी एक बड़ा हादसा हो गया। गोसाईंगंज इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में महिला व मासूमों समेत छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 28 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत बचाव कार्य कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में भर्ती घायल यात्रियों के अनुसार नियमों को दरकिनार दौड़ रही बस न सिर्फ ओवरलोडेड थीं, बल्कि उसका ड्राइवर भी शराब के नशे में था। यात्रियों ने कई बार उसे बस सही ढ़ग से चलाने के लिए टोका भी, लेकिन चालक नहीं माना।
मिली जानकारी के मुताबिक यात्रियों को लुधियाना (पंजाब) से दरभंगा (बिहार) ले जा रही डबल डेकर बस गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के हसनापुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। आस-पास मौजूद लोगों ने पुलिस को खबर देने के साथ ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार 80 किलो मीटर प्रति घंटे से अधिक थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि ड्राइवर नशे में था जिसकी वजह से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में 150 के आस-पास से अधिक यात्री सवार थे। घायल 45 लोगों को गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, इनमें 28 घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही। जिन्हें अपेक्स ट्रामा सेंटर भेजा गया है। इनमें सात बच्चे, 12 पुरुष और नौ महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर बस छोड़कर भाग गए।
यह भी पढ़ें- यूपी: चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, खिड़की से कूद यात्रियों ने बचाई जान, ड्राइवर-कंडक्टर भागे
वहीं हादसे में जान गंवाने वालों में बीरेंद्र (30), अंजली (आठ), प्रियांशु (15) के अलावा एक छह साल का बच्चा और 30 साल का युवक शामिल है। खबर लिखे जाने तक एक अन्य की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।




















