बंथरा के फार्म हाउस में लगी भीषण आग, फर्नीचर-घरेलू सामान जला

भीषण आग
आग बुझाते लोग।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक फार्म हाउस में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फार्म हाउस में रखा फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान, कबाड़ को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक बंथरा स्थित मेमौरा एयर फोर्स छावनी गेट के सामने अनिल मेहता का फार्म हाउस है। जिसमें आज दोपहर करीब एक बजे हुई। फार्म हाउस में खड़ी घास-फूस और कबाड़ से अचानक तेज धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आस-पास के लोगों ने आग की लपटें देखकर फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी।

यह भी पढ़ें- सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग में 62 झुग्गी-झोपड़ियां जली, गृहस्‍थी खाक में मिलती देख रो पड़े गरीब

वहीं एफएसओ धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में सरोजनी नगर फायर स्टेशन की एक दमकल गाड़ी और मेमौरा एयरफोर्स स्टेशन की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दोनों गाड़ियों ने मिलकर एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने का कारण ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी: चलती स्‍लीपर बस में लगी भीषण आग, खिड़की से कूद यात्रियों ने बचाई जान, ड्राइवर-कंडक्‍टर भागे