आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लगातार अपने तेवर बदल रहे मौसम ने हवाई यात्रा को भी प्रभावित कर दिया है। दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की मंगलवार शाम खराब मौसम के कारण काठमांडू में लैंडिंग नहीं हो सकी। जिसके बाद फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। जहां शाम करीब सात बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, काठमांडू में अचानक मौसम बिगड़ने से दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो गई थी। इस कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। दुबई की फ्लाइट (FZ-1595) ने दुबई से दोपहर 1:05 बजे उड़ान भरी थी। इसे शाम 6:55 बजे काठमांडू पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण यह वहां नहीं उतर सकी।
यह भी पढ़ें- यात्रियों को ला रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
वहीं फ्लाइट डायवर्ट होने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति खराब होती देख क्रू मेंबर यात्रियों को समझाबुझा कर शांत किया। फ्लाइट में कुल 157 यात्री और सात क्रू मेंबर सवार थे, जिन्हें लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। फिलहाल फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा है और काठमांडू में मौसम सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है। मौसम में सुधार होने के बाद विमान को काठमांडू के लिए रवाना किया जाएगा।




















