खड़गे का मोदी सरकार पर आरोप, देश की सामरिक व आर्थिक नीति को पहुंचाया गया नुकसान

मल्लिकार्जुन खड़गे

आरयू वेब टीम। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। खड़गे ने कहा कि देश की सामरिक और आर्थिक नीति को नुकसान पहुंचाया गया है, जिसका सीधा असर 140 करोड़ भारतीयों पर पड़ रहा है। रोजमर्रा की कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ने जा रहे हैं, जिससे आम जनता, किसान, मजदूर और एमएसएमई मे सेक्टर पर दबाव बढ़ेगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्टकर कहा कि आज से रोजमर्रा की कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ने जा रहे हैं, जिससे आम जनता, किसान, मजदूर और एमएसएमई मे सेक्टर पर दबाव बढ़ेगा। साथ ही कहा कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम तेजी से बढ़े हैं और जमीन पर इसकी भारी कमी भी देखी जा रही है। इसका असर ढाबों की चाय से लेकर मिड-डे मील जैसी योजनाओं तक पड़ रहा है।

साथ ही एयर टर्बाइन ईंधन (एटीएफ) महंगा होने से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “हवाई चप्पल से हवाई यात्रा” अब और मुश्किल हो गई है और सरकार ने प्राइस कैप भी हटा दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, 900 से ज्यादा जरूरी दवाइयों के दाम बढ़ गए हैं, जिससे इलाज का खर्च बढ़ेगा।

हमला जारी रखते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कोरोनरी स्टेंट की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा टोल टैक्स में इजाफा होने से आम लोगों को ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा। उन्होंने इसे “हाईवे रॉबरी” करार दिया और कहा कि स्पीड पोस्ट सेवाओं में भी 34 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।

यह भी पढ़ें- चुनावी सभा में बोले राहुल, शबरिमला पर PM मोदी की चुप्पी के साफ संकेत, भाजपा-LDF साथ कर रहे काम

खड़गे ने अपने पोस्ट में कहा कि प्लास्टिक, स्टील और सिरेमिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर व्यापक होगा। किसानों के लिए पीवीसी पाइप महंगे हो गए हैं, जबकि बिटुमेन की कीमत में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी से निर्माण क्षेत्र पर भारी दबाव पड़ेगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब आम जनता, किसान और एमएसएमई सेक्टर राहत की उम्मीद कर रहे हैं, तब सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। साथ ही कहा कि भाजपा नेतृत्व का ध्यान जनता को राहत देने के बजाय “लूटने और आपदा में डाका डालने” पर केंद्रित है।

यह भी पढ़ें- देश में LPG की किल्लत पर खड़गे ने कहा, गरीब तबकों पर पड़ रहा इसका असर