मौसम विभाग का अनुमान, यूपी के तापमान में आएगी गिरावट

भीषण गर्मी
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी व लू के प्रकोप का सामना कर रहे यूपी वासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे में आंधी और बूंदाबांदी के आसार हैं जिससे तापमान में मामूली गिरावट का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी तीन से चार दिनों तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी के बाद हल्की गिरावट की संभावना जताई है।

साथ ही 28 अप्रैल के बाद यूपी के अधिकांश हिस्सों में लू में हल्की गिरावट संभव है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार कानपुर नगर, कानपुर देहात, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत अनेक जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है।

विशेष रूप से बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, जालौन और हमीरपुर को अधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। कानपुर नगर में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और जालौन जैसे बुंदेलखंड के जिलों में सर्वाधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। जबकि हमीरपुर और जालौन में लू की स्थिति गंभीर श्रेणी में बताई गई है। लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई और लखीमपुर खीरी में भी तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- झुलसा देने वाली गर्मी के चलते गाजियाबाद के भी 8वीं तक के स्कूलों का बदला समय, आदेश जारी

लखनऊ, हरदोई और सीतापुर में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में भी लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में भी अगले 24 घंटे तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग का अनुमान 15 अप्रैल के बाद 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है UP का तापमान