अखिलेश ने उठाए चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल, की बंगाल मतगणना की CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग

अखिलेश यादव
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में ‘मतगणना नहीं, मनगणना’ हो रही है। उन्होंने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र बचाने की निर्णायक लड़ाई बताते हुए जीत का दावा किया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक, इसमें नहीं है सभ्‍य लोग, ग्रीन कॉरिडोर के इंजीनियरों पर भी उठाया सवाल

अखिलेश ने लखनऊ में सपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर चुनावी धांधली के गंभीर आरोप लगाए। साथ ही कहा “डेमोक्रेसी खत्म नहीं हुई है, हमें उसे जिंदा रखना है। 2027 में जनता और कार्यकर्ता मिलकर बड़ी जीत हासिल करेंगे।” उन्होंने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी सीसीटीवी लाइव फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि पांच  प्रतिशत का भंडाफोड़ 95 प्रतिशत न करने लगें।

चुनावों में ‘मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया’ सक्रिय

इतना ही नहीं अखिलेश ने दावा किया कि चुनावों में ‘मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया’ सक्रिय हैं और कुंदरकी और रामपुर उपचुनाव में ‘वोटों की डकैती’ हुई। सपा मुखिया ने इसे भाजपा का ‘दस नंबरी मॉडल’ बताते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए चुनावी प्रक्रिया से छेड़छाड़ की जा रही है।

वोट की हुई शर्मनाक लूट’

पश्चिम बंगाल के संदर्भ में सपा सुप्रीमो ने कहा कि वहां ‘वोट की शर्मनाक लूट’ हुई और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह गुरुवार को पश्चिम बंगाल जाएंगे और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन बरकरार रहेगा। इस दौरान चुनावी रणनीति को लेकर अखिलेश ने बताया कि समाजवादी पार्टी ने चुनावी कंसल्टेंसी कंपनी आई पैक के साथ करार समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों तक उन्होंने हमारे साथ काम किया, लेकिन अब फंड की कमी के कारण हम साथ काम नहीं कर पा रहे हैं।

एवीएम और 360 जैसी कंपनियों से…

वहीं चुनावी सर्वे एजेंसियों और कंपनियों पर भी निशाना साधते हुए कहा अखिलेश ने कहा कि, “कुछ लोगों ने सलाह दी कि सी-वोटर, एवीएम और 360 जैसी कंपनियों से जुड़िए, लेकिन ये सब भाजपा के लिए काम करती हैं।” साथ ही ये भी आरोप लगाया, “कुछ अंडरकवर अधिकारी एक विचारधारा के तहत काम कर रहे हैं, जिनका खुलासा किया जाएगा।” अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई होगा। पीडीए का वोट सबसे ज्यादा है और बीजेपी के पास उसका कोई जवाब नहीं है।

मैं कई ऋषि-मुनियों और ज्योतिषियों से मिला हूं

इस दौरान चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मैं कई ऋषि-मुनियों और ज्योतिषियों से मिला हूं। जो पंडित जी कहेंगे, वही करेंगे। 2012 में सरकार बनी थी, 2027 में फिर बनाएंगे।” इस दौरान पूर्व सीएम ने महिलाओं के लिए पार्टी आधारित आरक्षण की वकालत करते हुए कहा कि पहले जातीय जनगणना होनी चाहिए और उसके आधार पर आबादी के अनुपात में आरक्षण लागू किया जाए।

यह भी पढ़ें- भारी तैनाती पर बोले अखिलेश, रामपुर के ट्रायल को भाजपा-चुनाव आयोग ने बंगाल में किया हू-ब-हू लागू