बंगाल के हुगली में TMC सदस्य के पति की हत्या, नाले में मिला शव, परिजनों ने भाजपा पर लगाया आरोप

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगालें चुनाव के बाद लगातार हिंसा के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में हुगली के गोघाट में एक तृणमूल कांग्रेस पंचायत सदस्य के पति की हत्या कर दी गई है। शव के पास से एक मुगदर बरामद हुआ है। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने भाजपा पर हत्या का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक सहदेव बाग, कुंडु पंचायत की टीएमसी सदस्य चायना बाग के पति थे। शनिवार रात से लापता सहदेव का शव रविवार सुबह टीएमसी कार्यालय के पीछे एक नाले से बरामद हुआ। पुलिस और परिजनों के अनुसार, सहदेव के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक मुगदर (लकड़ी का भारी डंडा) भी बरामद किया गया है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इसी से प्रहार कर उनकी हत्या की गई है।

मृतक की पत्नी चायना बाग और बेटी आगमनी बाग ने आरोप लगाया है कि चुनावी नतीजे आने के बाद से ही भाजपा के लोग उन्हें धमकियां दे रहे थे। साथ ही कहा, “भाजपा के लोगों ने ही उन्हें घर से उठाकर उनकी हत्या की है।” स्थानीय टीएमसी नेता शशांक धक ने भी इस घटना के लिए सीधे तौर पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फिलहाल इस मामले की तफ्तीश में जुट गई है और लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे TMC के दिग्गज नेता मुकुल रॉय

दूसरी ओर राज्य में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद पूर्वी मिदनापुर के खेजुरी में फिर से तनाव बढ़ गया. शनिवार रात को खेजुरी के अंतर्गत आने वाले हिजली शरीफ गांव में बड़े पैमाने पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटना हुई। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को इस घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी द्वारा संरक्षित उपद्रवियों ने सुनियोजित तरीके से 60 से अधिक दुकानों को जला दिया।

यह भी पढ़ें- CM ममता बनर्जी का चुनाव आयोग-भाजपा को दो टूक जवाब, नहीं दूंगी इस्तीफा, कोर्ट में लड़ूंगी