आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश में रविवार को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। एसी कोच में आग लगते ही यात्रियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। राहत की बात यह रही कि कोच में मौजूद सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ये हादसा रविवार भोर में करीब 5:15 बजे हुई। ट्रेन संख्या 12431 तिरुवनंतपुरम –हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के B-1 एसी कोच में आग लग गई। आग लगने की घटना आलोट और लूनीरिच्छा स्टेशनों के बीच हुई, जो रेलवे के कोटा डिवीजन के अंतर्गत आता है। जैसे ही एसी कोच में आग और धुआं दिखाई दिया, रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने सबसे पहले ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई (ओएचई) बंद कर दी। इसके बाद आग वाले B-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। रतलाम डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था। रेलवे ने यात्रियों की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था भी शुरू कर दी।
अधिकारियों के मुताबिक B-1 कोच के यात्रियों को दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया गया ताकि वे अपनी यात्रा जारी रख सकें। कोटा स्टेशन पर एक अतिरिक्त कोच जोड़ने की भी तैयारी की गई, जिससे ट्रेन की पूरी क्षमता फिर से बहाल की जा सके। हादसे की जानकारी मिलते ही रतलाम के डीआरएम यानी डिविजनल रेलवे मैनेजर भी मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा रेलवे की दुर्घटना राहत ट्रेन को भी घटनास्थल पर भेजा गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग लगने की असली वजह की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- राजधानी में हुआ दर्दनाक हादसा, AC फटने से लगी फ्लैट में आग, कमरे व सीढ़ियों पर मिली नौ लाशें
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की तेजी और सतर्कता की वजह से स्थिति को जल्दी काबू में कर लिया गया। अगर समय पर कोच खाली नहीं कराया जाता, तो स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती थी। सुबह का समय होने के कारण कई यात्री सो रहे थे, लेकिन रेलवे स्टाफ ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
