अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तंज, ‘नीट’ को  कहा जाना चाहिए ‘लीक परीक्षा’

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नीट पेपर लीक के बाद से भाजपा सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। इसी क्रम में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में गड़बड़ियों पर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने मंगलवार को तंज कसते हुए  कहा कि ‘नीट’ को अब “लीक परीक्षा” कहा जाना चाहिए। साथ ही कहा कि यूपी के करीब चार लाख बच्चे यह परीक्षा देते हैं और वे तथा उनके परिवार इस परेशानी को कभी नहीं भूल पाएंगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि लाखों बच्चों के भविष्य का फैसला करने वाली इस परीक्षा में ‘‘गड़बड़ी’’ के लिए केवल संबंधित मंत्री ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से भी इस्तीफे की मांग होनी चाहिए थी। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की सरकार में नीट को ‘लीक परीक्षा’ लिख देना चाहिए।”

वहीं पश्चिम बंगाल के चुनावों पर अखिलेश यादव ने कहा, “बंगाल में जो हुआ, वह कभी उत्तर प्रदेश में भी हुआ था। बंगाल में जो दोहराया गया, वही उत्तर प्रदेश में भी दोहराया गया। मैं उन तमाम अखबारों और डिजिटल मंच का धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने पुलिस के अधिकारी द्वारा महिलाओं को रिवॉल्वर का डर दिखाकर मतदान केंद्र जाने से रोकने की तस्वीर प्रकाशित की थी।’’ उन्होंने कहा, “मैं उन महिलाओं का भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने उस अधिकारी, उसकी रिवॉल्वर और गोलियों की परवाह नहीं की।”

यह भी पढ़ें- भाजपा नेता व उसका भाई ही निकला नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड, SOG ने दबोचा, करोड़ों के लेन-देन का अंदेशा

हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार उसके लिए बड़ी राजनीतिक हार थी, जिसे वह अब तक भूल नहीं पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां विधानसभा चुनाव में “एक-एक व्यक्ति ने छह-छह वोट डाले” और कई लोग पकड़े भी गए। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “मंत्री जी के करीबी लोग भी पकड़े गए थे।”

यह भी पढ़ें- NTA एक्सपर्ट ने किया NEET का पेपर लीक, बीजेपी नेता के बाद CBI ने टीचर मनीषा मंधारे को दबोचा