आरयू वेब टीम। यूजीसी-नेट जून 2026 एग्जाम के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शेड्यूल जारी कर दिया है। ये परीक्षा 22 जून से 30 जून 2026 तक देशभर के अलग-अलग सेंटर पर होगी। साथ ही विषयवार एग्जाम तारीखों की डिटेल भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। ये कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित होगा। दो शिफ्ट में कराए जा रही एग्जाम में 80 से ज्यादा सब्जेक्ट शामिल होंगे। इसके लिए एग्जाम शहर की लिस्ट उम्मीदवारों को परीक्षा से कुछ दिन पहले उपलब्ध करा दी जाएगी, जबकि एडमिट कार्ड बाद में अलग से जारी किए जाएंगे।
एनटीए ने अभ्यर्थियों को रेगुलर रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। एनटीए के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक आयोजित होगी। निर्धारित अवधि के दौरान 80 से अधिक विषयों की परीक्षाएं कराई जाएंगी।
वहीं 22 जून को शुरू होने वाले एग्जाम में विजुअल आर्ट, संग्रहालय विज्ञान एवं संरक्षण, पंजाबी, तमिल, भूगोल और गृह विज्ञान जैसे विषय शामिल रहेंगे। इसके बाद विभिन्न दिनों में शिक्षा, विधि, राजनीति विज्ञान, वाणिज्य, अंग्रेजी, हिंदी, मनोविज्ञान, प्रबंधन, पर्यावरण विज्ञान और समाजशास्त्र जैसे प्रमुख विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
यह भी पढ़ें- NTA एक्सपर्ट ने किया NEET का पेपर लीक, बीजेपी नेता के बाद CBI ने टीचर मनीषा मंधारे को दबोचा
इसके अलावा परीक्षा शेड्यूल में इतिहास, कंप्यूटर विज्ञान एवं अनुप्रयोग, जनसंचार एवं पत्रकारिता, लोक प्रशासन, अपराध विज्ञान, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, तुलनात्मक साहित्य, भारतीय ज्ञान प्रणाली, आपदा प्रबंधन, पर्यटन प्रशासन एवं प्रबंधन, मानवाधिकार तथा वानिकी जैसे विषयों को भी शामिल किया गया है। साथ ही एनटीए ने बताया है कि परीक्षा शुरू होने से लगभग आठ से दस दिन पहले उम्मीदवारों को उनके एग्जाम सिटी की सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी। वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ समय पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।




















