मंगलवार को लखनऊ के आसमान में दिखेगा दुर्लभ नजारा

दुर्लभ नजारा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ वासियों के लिए अच्छी खबर है। मंगलवार की शाम आसमान में एक दुर्लभ खगोलीय घटना देखने को मिलेगी। सूर्यास्त के करीब 30 मिनट बाद पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में शुक्र और बृहस्पति ग्रह एक-दूसरे के बेहद करीब दिखाई देंगे। खगोल विज्ञान में इस घटना को ‘प्लेनेटरी कंजंक्शन’ (ग्रहीय युति) कहा जाता है। इस दौरान दोनों ग्रहों के बीच महज 1.6 डिग्री की कोणीय दूरी रहेगी।

विशेषज्ञों के अनुसार दोनों ग्रहों के बीच की दूरी लगभग तीन पूर्ण चंद्रमाओं के बराबर दिखाई देगी। शुक्र ग्रह की चमक -3.98 मैग्नीट्यूड और बृहस्पति की चमक -1.85 मैग्नीट्यूड होगी, जिससे दोनों ग्रह आसानी से देखे जा सकेंगे। इस खगोलीय घटना के दौरान बृहस्पति के चार प्रमुख गैलीलियन चंद्रमा- आयो, यूरोपा, गैनीमीड और कैलिस्टो भी दूरबीन से दिखाई देंगे।

यह भी पढ़ें- कल दिखेगा आसमान में अदभुत नजारा, एक लाइन में होंगे छह ग्रह

सूर्यास्त के समय पश्चिम दिशा में देखने पर बुध ग्रह भी नजर आएगा, जिससे नौ जून की शाम एक मिनी प्लैनेट परेड का दृश्य बन जाएगा। वहीं इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ की ओर से नौ जून को शाम सात बजे से नौ बजे तक टेलिस्कोप के माध्यम से आम लोगों को इस दुर्लभ खगोलीय घटना का नि:शुल्क अवलोकन कराया जाएगा। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन विशेष व्यवस्था के तहत शाम छह बजे से एक अतिरिक्त 2डी शो का भी आयोजन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दो चांद लगाएंगे पृथ्वी के चक्कर, इसी महीने आएगा नया चांद