आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में करारी हार ने तृणमूल कांग्रेस को खत्म करने की कगार पर पहुंचा दिया है। ममता बनर्जी के 80 विधायकों में से 58 विधायकों ने अपना अलग गुट तैयार कर लिया और उसके बाद दिल्ली में भी करीब 20 सांसद टीएमसी से अलग हो गए। इस बीच कांग्रेस की सुप्रीम लीडर सोनिया गांधी ने टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी को बड़ा ऑफर दिया है। सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को टीएमसी के कांग्रेस में विलय का ऑफर दिया है।
सोनिया गांधी ने ममता से कहा है कि वो टीएमसी का विलय कर दें, इसके बदले में उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी को भी पार्टी महासचिव का पद दिया जाएगा। सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को प्रस्ताव दिया है कि टीएमसी पर भाजपा के राजनीतिक हमलों को देखते हुए उन्हें अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर लेना चाहिए, वरना भाजपा उन्हें भी आम आदमी पार्टी की तरह परेशान करेगी। साथ ही उनकी पार्टी के अंदरूनी लोग भी अभिषेक बनर्जी के खिलाफ हैं, इसलिए उनके लिए हालात मुश्किल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी को एक और झटका, सुष्मिता देव ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा, TMC भी छोड़ी
जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी ने खुद उन्हें फोन किया था। मीडिया को यह भी बताया कि ममता बनर्जी ने इस पर फैसला करने के लिए कुछ दिन का समय मांगा है। इसके अलावा आज राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी के बीच भी मुलाकात हुई थी। दोनों नेताओं के बीच दस जनपथ पर हुई ये मुलाकात करीब डेढ़ घंटे तक चली। इसमें मौजूदा राजनीतिक हालात और हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल चुनावों पर चर्चा हुई।
वहीं सोनिया गांधी के ममता बनर्जी को दिए गए ऑफर के बीच कांग्रेस ने बड़ी बैठक बुलाई है। केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 11 जून को इंदिरा भवन में एआइसीसी महासचिव ,प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की बैठक होगी। इस मीटिंग की अध्यक्षता कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे।


















