आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में अत्यधिक गर्मी व हीट-वेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ा दी गयी है। जारी आदेश के अनुसार अब परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे 25 जून तक स्कूल नहीं जाएंगे, जबकि शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 22 जून से विद्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के जारी आदेश के अनुसार अब मान्यता प्राप्त व परिषद के स्कूलों में ये छुट्टियां हर वर्ष 20 मई से 24 जून तक रहेंगी। पहले यह अवकाश 15 जून तक था। आदेश में कहा गया है कि 26 जून से सभी विद्यालय पठन-पाठन के लिए पूरी तरह खुलेंगे। जबकि शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 22, 23 और 24 जून को स्कूल में उपस्थिति रहकर आवश्यक तैयारियां पूरी करनी होंगी।
इन तैयारियों में विद्यालय परिसर, रसोई व शौचालयों की सफाई, मिड-डे मील, पाठ्यपुस्तकें व लेसन प्लान की तैयारी, बिजली व पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना, बाल-वाटिका व स्मार्ट क्लास/आईसीटी लैब को क्रियाशील करना तथा खेल सामग्री की व्यवस्था शामिल है। साथ ही विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक कर समुदाय का सहयोग लिया जाना अनिवार्य होगा।
यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी के चलते लखनऊ में आठ तक के स्कूलों का बदला टाइम, DM का आदेश जारी
दरअसल प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग की रिपोर्टों में भी कई क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना स्वास्थ्य की दृष्टि से उचित नहीं माना गया। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अवकाश बढ़ाने का निर्णय लिया ताकि बच्चों को गर्मी से होने वाली बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सके।




















