सपा में टूट के बयान पर सांसद रामजी लाल का पलटवार, ‘ओपी राजभर को भेज दो पागलखाने’

रामजी लाल
रामजी लाल सुमन। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी में बगावत के ओम प्रकाश राजभर की बयान पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने पलटवार किया है। राजभर की हालिया टिप्पणियों पर रामजी लाल सुमन ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें मानसिक रूप से बीमार बता दिया। इतना ही नहीं रामजी लाल सुमन ने ओपी राजभर को इलाज के लिए पागलखाने भेजने तक की बात कह दी।

रामजी लाल सुमन ने कहा कि ओपी राजभर के बयानों में ना तो कोई निरंतरता है और ना ही उनकी कोई विश्वसनीयता बची है। सपा नेता ने कहा कि राजभर सुबह क्या बोलते हैं और शाम होते होते क्या कहेंगे? यह बात तो कोई भी नहीं जानता है। उनकी बातों का कोई भरोसा नहीं किया जा सकता।

वहीं सपा सांसद ने राजभर के पुराने राजनीतिक रुख की याद दिलाते हुए कहा कि यह पूरा देश अच्छी तरह से जानता है कि अतीत में राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में क्या-क्या बातें कही हैं। रामजी लाल का इशारा उस दौर की तरफ था, जब राजभर सत्ता से बाहर थे और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर तीखे जुबानी हमले किया करते थे।

यह भी पढ़ें- TMC-शिवसेना के बाद सपा में होगी बड़ी टूट, ओपी राजभर ने किया दावा

इस दौरान सपा नेता ने अपने हमले को और आक्रामक करते हुए राजभर को मानसिक रूप से विक्षिप्त करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज के समय में कुछ लोग मानसिक रूप से बीमार हो गए हैं। मेरा यह स्पष्ट मानना है कि ऐसे लोगों को उचित इलाज की सख्त जरूरत है और उन्हें तुरंत किसी मानसिक अस्पताल में भेज देना चाहिए। सपा सांसद के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या के सपा में टूट वाले बयान पर शिवपाल यादव का पलटवार, अपनी सीट भी नहीं जीत पाते तो कर नहीं पाएंगे कुछ