जल्‍द मिलेगी मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, मौसम विभाग ने बताया किस दिन आएगा यूपी में मानसून

यूपी में मानसून
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे यूपी वासियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश में जल्द ही मानसून दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग ने 27 जून से उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से से मानसूनी बारिश की शुरुआत का अंदेशा जताया है। जबकि 28 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी मानसूनी बारिश होने के आसार हैं।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों के दाैरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के यूपी में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। वहीं 25 से 27 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तपिश और लू का असर रहेगा। जबकि 27 जून से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की है।

दरअसल यूपी में मानसून की सुस्त चाल के बीच माैसम का मिला जुला रूप देखने को मिल रहा है। बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई के कई जिलों में लू का प्रकोप है तो वहीं मथुरा, गौतमबुद्धनगर, आगरा, अलीगढ़ समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कहीं तेज हवाएं तो कहीं बूंदबांदी देखने को मिल रही है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में भीषण गर्मी का प्रकोप, 43 डिग्री पार हुआ तापमान

इसके अलावा गुरुवार के लिए प्रदेश के गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ और बाराबंकी इन नाै जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में तपिश भरी गर्मी महसूस की गई। 44.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बांदा प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं प्रयागराज में 43.4 डिग्री, वाराणसी, लखीमपुर और झांसी इन तीनों जिलों में 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

यह भी पढ़ें- यूपी में प्री-मानसून की शुरुआत, मौसम विभाग ने 54 जिलों में जारी किया बारिश का अलर्ट