आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में माफिया और अपराधियों को संरक्षण मिलता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। साथ ही योगी ने विपक्ष पर भारत की आस्था, विकास और राष्ट्रीय हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते कुछ लोग भारत का ही विरोध करने लगे हैं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले की सरकारें माफियाओं को संरक्षण देती थीं। उनके मुताबिक उस समय जिलों में अवैध हथियार और बम बनाने का काम होता था, जबकि वर्तमान सरकार प्रदेश को रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना जैसे बड़े काम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों की कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का विरोध करते-करते ऐसे लोग राष्ट्रीय हितों के भी खिलाफ खड़े हो जाते हैं। योगी ने कहा कि विपक्ष लगातार ऐसे मुद्दे उठाता है, जो देश की एकता और विकास के लिए ठीक नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड पर CM योगी का विपक्ष पर हमला, कुछ लोग केवल अयोध्या को बदनाम करने की कर रहे राजनीति
वहीं योगी ने कहा कि पहले समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने की कोशिश की जाती थी। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक किसी ने कल्पना नहीं की थी कि काशी विश्वनाथ धाम इतना भव्य रूप लेगा। वहीं अयोध्या में राम जन्मभूमि और पूरे शहर का विकास देश की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती दे रहा है।




















