आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बस चालक और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इटावा जिले के आईटीआइ चौराहा थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे पर बुधवार भोर में करीब पांच बजे बस हादसे का शिकार हुई। यह बस वाराणसी से दिल्ली जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मारी, जिसमें लोहे के सरिया लदे थे। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देने के साथ ही राहगीरों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय बस चालक प्रेम और 22 वर्षीय दीपक कंडक्टर के रूप में हुई। यात्रियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और चालक को नींद आ गई थी। एक घायल यात्री ने बताया कि हम लोग वाराणसी से दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने कहा कि चालक को नींद आ गई थी, जिसके कारण बस एक ट्रक से जा टकराई।
यात्रियों ने लगाया घायलों के इलाज में देरी का आरोप
इस दौरान यात्रियों ने घायलों के इलाज में भी देरी का आरोप लगाया। जिला अस्पताल के ईएमओ राहुल ने बताया कि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। जबकि बस ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाए गए थे।




















